Latest

बुराड़ी मामला: 11 लोगों के पुनर्जन्म की खबर, जानें वायरल मैसेज का सच

नई दिल्ली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में इन दिनों एक खबर वायरल हो रही है कि गुजरात के सूरत शहर में एक पारसी महिला ने एक साथ 11 बच्चों को जन्म दिया है। इस बच्चों के जन्म की घटना को दिल्ली के बुराड़ी कांड से जोड़ दिया गया है। कहा जा रहा है कि ये उस परिवार के लोगों को पुनर्जन्म है।

इस बाबत सोशल मीडिया पर एक-दो तस्वीरें वायरल हुई हैं। एक तस्वीर में गर्भवती महिला को दिखाया जा रहा है, जबकि अन्य तस्वीरों में 11 नवजात अस्पताल के डॉक्टरों के साथ हैं। उस घटना के एक महीने के बाद भी दिल्ली पुलिस बुराड़ी इलाके में एक परिवार के 11 लोगों की रहस्यमय तरीके से हुई आत्महत्या के मामले को सुलझा नहीं सकी है। वहीं, परिवार के सभी 11 लोगों का पुनर्जन्म होने की सनसनीखेज खबर सोशल मीडिया में वायरल हो रही है।

हिंदू धर्म में कहा जाता है कि मनुष्य का केवल शरीर मरता है, आत्मा नहीं। आत्मा एक शरीर का त्याग कर दूसरे शरीर में प्रवेश करती है, इसे ही पुनर्जन्म कहते हैं। दुनिया के करीब-करीब हर धर्म और जगह पर पुनर्जन्म की मान्यता और इसके मामले मिलते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरें अस्पताल की लग रही हैं। एक तस्वीर में अस्पताल की नर्सरी में 11 बच्चे रखे हुए हैं। हैरानी की बात है कि वायरल तस्वीरों के साथ दावा किया जा रहा है कि बुराड़ी में जिन 11 लोगों ने आत्महत्या की थी, यह उन्हीं 11 लोगों का पुनर्जन्म है।

सोशल मीडिया पर जारी तस्वीरों में यह भी कहा जा रहा है कि सूरत (गुजरात) के नानपुरा अस्पताल में इन 11 लोगों का जन्म हुआ है। इतन ही नहीं, यह भी कहा जा रहा है कि एक पारसी महिला ने 11 बेटों को जन्म दिया है। बता दें कि वीडियो हिंदुत्व नमो नमः नाम से बने फेसबुक प्रोफाइल से 20 जुलाई को पोस्ट किया गया था, जिसमें दावे के साथ इसे पुनर्जन्म को न मानने वालों के गाल पर तमाचा करार दिया था।

झूठा निकला दावा

हालांकि, बाद में सोशल मीडिया पर जारी तस्वीरों की पड़ताल की गई, तो पता चला कि पुनर्जन्म जैसा कुछ नहीं है। जिस गर्भवती महिला को पारसी महिला कहकर वायरल किया जा रहा था, उसके पेट में छह बच्चे थे और वह अमेरिका की है।

गौरतलब है कि दिल्ली में अब तक की सबसे बड़ी सनसनीखेज घटना में बुराड़ी स्थित एक घर में एक जुलाई की सुबह एक ही परिवार के 11 लोग संदिग्ध हालात में मृत पाए गए थे। मृतकों में सात महिलाएं व चार पुरुष थे, जिनमें दो नाबालिग थे। एक महिला का शव रोशनदान से तो नौ लोगों के शव छत से लगी लोहे की ग्रिल से चुन्नी व साड़ियों से लटके मिले। एक बुजुर्ग महिला का शव जमीन पर पड़ा मिला था।

Leave a Reply

Back to top button