आनंदीबेन पटेल बनें CM, तभी गुजरात में Covid-19 से मौत की संख्या स्थिर होगी:स्वामी
नई दिल्ली. देश में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है. गुजरात (Gujarat) में भी हालात ठीक नहीं हैं. वहीं बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी (Subramanian Swamy) ने गुजरात में लगातार कोरोना वायरस संक्रमण (Covid 19 deaths) के कारण हो रही मौतों पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने शुक्रवार को ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ‘गुजरात में कोरोना वायरस संक्रमण से हो रही मौतों की संख्या तब स्थिर हो सकती है, जब आनंदीबेन पटेल (Anandiben patel) को राज्य का मुख्यमंत्री फिर से बनाया जाए.’
बता दें कि गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 390 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में वायरस के मामले बढ़कर शुक्रवार को 7,403 हो गए. प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बताया कि इसी दौरान 24 संक्रमित लोगों की मौत से मृतक संख्या भी बढ़कर 449 हो गई.
उन्होंने बताया कि 163 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दी गई. राज्य में अभी तक 1,872 संक्रमित लोग स्वस्थ हो चुके हैं. वहीं 5,082 लोगों का अभी इलाज जारी है और अभी तक कुल 1,05,387 नमूनों की जांच की गई है.

