Latestअजब गजब

बिल्ली जैसी आंख वाला सांप देख हैरान रह गए लोग

Korba News कोरबा। फर्श पर यहां-वहां सरकते सर्प को देख एक मकान के लोगों की आंखें तब फटी की फटी रह गईं, जब उनकी नजर उसकी आंखों पर पड़ी। इस सर्प की आंखें बिल्ली की तरह का उभार लिए हुए थीं, जिसकी अजीब सूरत और सुस्त चाल से परिवार के लोग सहम गए। सूचना मिलने पर वहां पहुंचे स्नेक रेस्क्यू टीम के सर्प मित्रों ने बताया कि यह एक कामन कैट सर्प है, जिसे उसकी आंखों की आकृति के लिए यह नाम दिया गया है।

अब कोरबा में जहां-तहां सर्प मिलना आम बात हो गई है। बारिश के मौसम की शुरूआत से लेकर अब तक ढेर सारे सर्प की प्रजाति इस बार पकड़ी और जंगल में छोड़ी जा चुकी है, जिससे कोरबा को दूसरे सर्प लोक की संज्ञा भी दी जाने लगी है। इसी क्रम में यह सर्प खरमोरा बस्ती में रहने वाले उमेश कर्ष के घर पर नजर आया। तत्काल उमेश ने स्नेक रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचित किया, जो उसी वक्त एक और जगह घातक जहर वाले सर्प घोड़ा करैत की रेस्क्यू कर रहे थे।

 

उन्होंने अपनी टीम के एक सदस्य को वहां भेजा, जिन्होंने मोबाइल पर तस्वीर लेकर जितेंद्र से पहचान कराई। जितेंद्र ने बताया कि यह एक कामन कैट सर्प है, जिसे सदस्य ने रेस्क्यू कर लिया और तब जाकर उमेश व उसके परिवार ने राहत की सांस ली। इसके बाद वन विभाग को औपचारिक सूचना दी गई और कोरबा रेंजर सियाराम कर्माकर के मार्गदर्शन में उसे दुर्लभ सर्प को जंगल में सुरक्षित विचरण के लिए छोड़ दिया गया।

Back to top button