बिना पानी की खपत किए कैसे बनेगी 6 घंटे तक लगातार हरित बिजली? इस परियोजना की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें पानी खर्च नहीं होगा, बल्कि दोहरे जलाशय प्रणाली के जरिए इसका बार-बार उपयोग किया जाएगा:
दिन या रात के समय ग्रिड में मौजूद अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा का उपयोग कर निचले (गांधीसागर) जलाशय से पानी को पंप करके ऊपर बने नए जलाशय में संग्रहित किया जाएगा।
बिजली की सर्वाधिक मांग (पीक आवर्स) के दौरान ऊपरी जलाशय से पानी नीचे छोड़ा जाएगा, जिससे टरबाइन घूमेंगी और लगातार 6 घंटे तक 1,920 मेगावाट हरित बिजली पैदा होगी। इसकी राउंड ट्रिप एफिशिएंसी करीब 80% रहेगी।
पीक आवर्स में पैदा होने वाली यह बिजली NTPC, SECI और मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों की बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को किफायती दरों पर मिलेगी, जिससे महंगी बिजली खरीदने का बोझ कम होगा।
ऊर्जा के साथ पर्यटन, रोजगार और वन्यजीव संरक्षण का केंद्र बन रहा गांधीसागर डेस्टिनेशन कैबिनेट के जरिए सरकार गांधीसागर क्षेत्र में हो रहे बहुआयामी विकास को भी सामने लाएगी
कूनो नेशनल पार्क के बाद गांधीसागर वन्यजीव अभयारण्य को चीतों के दूसरे प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही यह क्षेत्र गिद्धों और चंबल में मगरमच्छों के संरक्षण का बड़ा केंद्र है। गांधीसागर फ्लोटिंग फेस्टिवल, टेंट सिटी और वाटर स्पोर्ट्स के साथ-साथ परमार कालीन हिंगलाजगढ़ किले के जीर्णोद्धार और चतुर्भुज नाथ नाला के प्रागैतिहासिक शैलचित्रों के संरक्षण से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है। जल जीवन मिशन के तहत समूह जल प्रदाय योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं से किसानों को लाभ और वैज्ञानिक मत्स्य पालन के जरिए स्थानीय मछुआरा समितियों की आजीविका को मजबूत किया जा रहा है।










