Latest

बरातियों ने की पुलिस जवानों के साथ मारपीट

महू।  बड़गोंदा थाना क्षेत्र में दो पुलिस जवानों के साथ बरातियों ने सिर्फ इस गलतफहमी में मारपीट कर दी कि उन्हें लगा कि वे बरात को रुकवाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आए हैं।

इसके बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया।

गुरुवार को बड़गोंदा थाना क्षेत्र के ग्राम कदवाली में दूल्हे का बाना निकल रहा था, जबकि प्रशासन ने शादी समारोह पर रोक लगा रखी है। इस बाने में बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल थे।

खरगोन में पदस्थ पुलिस जवान आरक्षक संतोष कुमार और सूबेदार सुरेश सिसौदिया कार से इंदौर से खरगोन जा रहे थे। दोनों जवान वर्दी पहने हुए थे।

बरात बीच रास्ते से जा रही थी तो इन्होंने साइड के लिए हार्न बजाया, बस फिर क्या था बाने में मौजूद ग्रामीणों को लगा कि पुलिस हमें गिरफ्तार करने आई है।

इसके बाद बिना कुछ समझे कुछ बरातियों ने इन पर पथराव कर दिया। ये पुलिस जवान जब इन्हें समझाने आगे आए तो इनके साथ मारपीट भी की।

किसी तरह ये जवान जान बचाकर जाम गेट तक आए तथा यहां से बड़गोंदा पुलिस को सूचना दी। इस दौरान मारपीट करने वाले ग्रामीण भाग गए। बड़गोंदा पुलिस ने मनोज भील पुत्र राधेश्याम भील व इंदर भील के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम