बरगी में चुनावी जीत हार का दावा खूनी संघर्ष में बदला, आठ घायल
जबलपुर। बरगी विधानसभा के ग्राम हरई मैं भाजपा और कॉन्ग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच जीत हार के दावे ने इतना तूल पकड़ लिया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के युवक आमने सामने हो गए, जिन्होने एक दूसरे पर पथराव करते हुए हथियार,लाठियों से हमला कर दिया। हमले में दोनों पक्षों के युवकों के शरीर पर चोटें आई, वही आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां घायलों का इलाज जारी है। गौरतलब है की विधानसभा चुनाव में जहां प्रत्याशी अपनी जीत का दावा करते नजर आ रहे हैं, वही कार्यकर्ता भी अति उत्साहित हैं और ऐसे ही कयासों का दौर बरगी के हर्रई ग्राम में दो पक्षों के बीच चल रहा था, दोनों ही पक्ष के युवक अपने अपने गणित बताते हुए जीत के दावे कर रहे थे, एक पक्ष का कहना था कि कांग्रेस जीतेगी तो दूसरा पक्ष कह रहा था कि इस बार भी भाजपा ही जीतेगी। दोनों ही पक्ष एक दूसरे की बात मानने के लिए तैयार नहीं थी लिहाजा दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया जिसे देख गांव में अफरातफरी व भगदड़ मच गई। एक दूसरे पर किए गए पथराव में संदीप, शुभम, गोलू, सुरेश, वकील, अनिल, धनीराम, रवि सहित अन्य युवकों के शरीर पर चोटें आई. घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी बल सहित मौके पर पहुंच गए थे, जिन्होने दोनों पक्षों के घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर लिया है. वहीं घटना को लेकर हर्रई गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार सजगता बरती जा रही है।

