“बदले-बदले महाराज”, सिंधिया पहुंचे संघ मुख्यालय, बोले- यहां ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है
अपने जीवन में पहली बार संघ मुख्यालय पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, “राष्ट्र के प्रति समर्पण के भाव का केंद्र है ये. यहां राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है. यहां आकर नई ऊर्जा मिलती है.
नागपुर। राज्यसभा सदस्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयं संघ मुख्यालय पहुंचे। सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत से चर्चा कर वे दोपहर में ही दिल्ली लौट गए। इस दौरान उन्होंने संवाद माध्यम से चर्चा टालने का प्रयास किया।
सिंधिया ने इतना ही कहा कि संघ मुख्यालय ऊर्जा व प्रेरणा देनेवाला है। कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल पर यह कहकर अधिक बोलने से इनकार किया कि ये कांग्रेस का अंदरुनी मामला है। इस विषय पर वे अधिक नहीं बोलेंगे।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद सिंधिया का यह पहला नागपुर दौरा था। उन्होंने अपना यह दौरा एकदम गोपनीय रखा था। दोपहर 11 बजे वे दिल्ली से विमान से यहां पहुुुंचे थे। भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों को भी उनके दौरे की जानकारी नहीं थी। लिहाजा विमानतल पर उनके स्वागत के लिए कोई कार्यकर्ता भी नहीं पहुुंचा था।

