Latest

फ्लाइंग स्क्वॉड ने कार से पकड़े 10 किलो चांदी और लाखों के सोने के जेवर

बालाघाट। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता का पालन कराने के इरादे से अलग-अलग टीमें सघन जांच अभियान चला रही हैं। शहर की सीमा से सटे इलाकों में गाड़ियों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में विधानसभा क्षेत्र परसवाड़ा की फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने मंगलवार रात रजेगांव में वाहनों की चेकिंग के दौरान एमपी 50सी-4348 नंबर की गाड़ी रोकी। जांच के दौरान टीम को कार से दस किलो चांदी और सोने के गहने मिले। जिसकी अनुमानित कीमत साढ़े 4 लाख रुपए आंकी गई।

कार में सवार व्यापारी अनिल कांकरिया से जब इसके बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वो ये चांदी और सोने के गहने गोंदिया से ला रहे हैं। हालांकि जांच टीम ने जब अनिल कांकरिया से इन गहनों के दस्तावेज मांगे तो वो इसे उपलब्ध नहीं करा पाए। इसके बाद चांदी और सोने के गहनों को जब्त करके किरनापुर थाने में जमा करा दिया गया। इसके अलावा कोतावाली पुलिस ने बालाघाट के बड़े ज्वेलर्स के मुनीम के पास से सोने, चांदी के जेवर सहित दस लाख से ज्यादा की रकम बरामद की।

कोतवाली थाना प्रभारी महेन्द्रसिंग ठाकुर ने बताया कि, रेलवे स्टेशन मार्ग पर आते हुए व्यापारी के मुनीम अमरदीप से 10 लाख 20 हजार 420 रूपए, 2 किलो 121 ग्राम सोना और 3 किलो 22 ग्राम चांदी बरामद की है। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 63 लाख के लगभग बताई जाती है। जिसे आयकर विभाग को सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Back to top button