Latestमध्यप्रदेशसागर

फिल्मी अंदाज में 6 माह का बच्चा हुआ चोरी : पुलिस ने किया बरामद

सागर अपडेट @आशीष शुक्ला

सागर/ जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 6 माह का बच्चा चोरी हो गया। घटना के बाद जिला अस्पताल समेत पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। भारी मशक्कत के बाद चोरी गए बच्चे को बंडा के पास एक गांव से बरामद कर लिया गया।

संभागीय मुख्यालय सागर के जिला चिकित्सालय में फिल्मी अंदाज में सरेआम घटी इस घटना पर प्रशासन और पुलिस पर सवालिया निशान लग गए। बच्चा चोरी की इस घटना से ना केवल जिला अस्पताल का प्रशासन बल्कि पुलिस और जिला प्रशासन भी सकते में आ गया।

घटना की जानकारी मिलने पर सागर एसपी अतुल सिंह ने सभी थानों के टीआई को तलब कर हर हाल में बच्चा ढूंढने के निर्देश दिए। पुलिस ने शहर के सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर बच्चा ढूंढने के प्रयास शुरू कर दिए। अंततः बंडा के विनायका से लगे हुए गांव में बच्चे को बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।

यश भारत के संभागीय ब्यूरो से मिली जानकारी के अनुसार सागर जिले के जरुआखेड़ा अंतर्गत पालीतोड़ा निवासी मनोज कुमार अहिरवार की पत्नी रवीना को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया था। दोपहर को रवीना की 10 वर्षीय भतीजी बच्चे को घुमाने अस्पताल के बाहर ले गई। इसी दौरान एक अज्ञात महिला ने उसे बिस्किट लाने के बहाने से बच्चे को अपनी गोद में ले लिया और फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर जिला अस्पताल समेत पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। अंततः खोजबीन के बाद बच्चे को बरामद कर लिया गया।

Back to top button