katniमध्यप्रदेश

फर्जी मतदाताओं की खबर से राजधानी तक हड़कम्प

कटनी। जिले में 25 हजार फर्जी मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटे जाने की यशभारत की खबर से कटनी से लेकर राजधानी तक हड़कम्प मच गया है, हालांकि इस मामले में अभी तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरूद्ध कोई कार्यवाही नहीं हुई है लेकिन निर्वाचन आयोग द्वारा कराई जांच के बाद कार्यवाही से इंकार भी नहीं किया जा सकता।

विदित हो कि कांग्रेस की शिकायतों के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा कराई गई जांच में कटनी जिले की चारों विधानसभा सीटों से करीब 25 हजार वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं। इसमे सबसे ज्यादा वोटर मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र में थे। इसी बीच जबलपुर संभाग के आयुक्त आशुतोष अवस्थी ने भी कल मंगलवार को कटनी पहुंचकर मतदान केन्द्रों में जाकर वोटर लिस्ट की जांच की। जांच के दौरान कमिश्नर ने काटे गए नामों की तस्दीक की। जिनके नाम वोटर लिस्ट से काटे गए थे

, उन नामों की जानकारी लेकर कमिश्नर ने वार्ड के जनप्रतिनिधियों से पूछताछ की। गौरतलब है कि यशभारत द्वारा मंगलवार के अंक में जिले में 25 हजार फर्जी मतदाताओं से संबंधित एक खबर प्रकाशित की थी। जिसमे निर्वाचन आयोग की जांच में कटनी जिले की चारों विधानसभा सीटों से फर्जी मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने का उल्लेख था। इस खबर से कांग्रेस की उन शिकायतों को भी बल मिला है, जिसमे पूरे प्रदेश में करीब 40 लाख फर्जी वोटरों की शिकायत की गई थी। इन शिकायतों के बाद ही जांच हुई थी और जांच में ऐसे मतदाताओं के नाम काटने की कार्यवाही की गई।
मतदाता सूची से कटे नामों का परीक्षण किया कमिश्नर ने
संभागायुक्त आशुतोष अवस्थी ने कल मंगलवार को मुड़वारा विधानसभा क्षेत्र के 5 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से काटे गये नामों का स्थानीय लोगों एवं क्षेत्र के पार्षद से सत्यापन कराया। कमिश्नर सबसे पहले आजाद चौक स्थित धंती बाई माध्यमिक शाला मतदान केन्द्र क्रमांक 84 और 85 पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बीएलओ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिथलेश भुजवार से मतदाता सूची, काटे गये नामों और जोड़े गये नामों की सूची लेकर पूर्व पार्षद और रहवासियों से एक-एक नाम के बारे में पूछकर तस्दीक की।

पहले 903 मतदाता, अब 781 बचे
बीएलओ ने बताया कि इस मतदान केन्द्र में पूर्व में 903 मतदाता थे, वर्तमान में 781 मतदाता शेष हैं। मतदान क्षेत्र के बाहर निवास करने वाले या अन्यत्र चले गये मतदाताओं के नाम काटने की कार्यवाही की गई है। उन्होंने काटे गये नामों में से शालिनी विश्वकर्मा, विजय कुमार, साक्षी अवस्थी, विनोद नन्दी लाल, पुष्पा सोनी, भण्डारी सेन, साधना रैकवार सहित अनेक नामों का परीक्षण किया और निवासियों से पूछताछ कर तस्दीक की।

वेंकट वार्ड के मतदान केन्द्र का भी निरीक्षण
कमिश्नर इसके बाद माध्यमिक शाला आजाद चौक में ही स्थापित मतदान केन्द्र क्रमांक 85 में पहुंचे और बीएलओ कोमल बजाज से मतदाता सूची के संबंध में की गई कार्यवाहियों की जानकारी ली तथा काटे गये नामों का सत्यापन किया। इसके बाद कमिश्नर ने वेंकट वार्ड स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 118, 119 और 120 का भी निरीक्षण किया और बीएलओ अन्जू उपाध्याय, शशि शालूमार और ज्योति चौधरी से मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्यों का रिकॉर्ड निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने क्षेत्रीय पार्षद एवं रहवासियों से काटे गये नामों के बारे में सत्यापन कर परीक्षण किया।

Leave a Reply

Back to top button