पेट्रोल पम्प परिसरों के शौचालयों का आम नागरिक भी कर सकेंगे उपयोग

जबलपुर । भारत सरकार के स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने शहर के पेट्रोल पंप संचालक भी आगे आ गए हैं। होटल कल्चुरी में आयोजित पेट्रोल पंप संचालकों और उनके प्रतिनिधियों की बैठक में निगमायुक्त श्री वेदप्रकाश ने साफ कहा कि पेट्रोल पम्प परिसरों में स्थित शौचालयों को साफ सुथरा रखने के साथ ही उन्हें आम नागरिकों के उपयोग के लिए भी खुले रखे जाएँ जिस पर पम्प संचालकों ने अपनी सहमति प्रदान करते हुए वादा किया कि स्वच्छता में शहर को नम्बर वन बनाने वे भी पूर्ण निष्ठा के साथ सहभागिता करेंगे और शहर को साफ सुथरा रखने सदैव तैयार रहेंगे।
स्वच्छता अभियान में बढ़ चढ़कर भागीदारी करेंगे पेट्रोल पंप मालिक
स्वच्छता संवाद में नगर निगम के अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों और उनके प्रतिनिधियों को स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत चल रहे कार्यों की जानकारी दी और बताया कि अभियान की सफलता के लिए हर वर्ग द्वारा सकारात्मक सहयोग दिया जा रहा है।
स्वच्छता संवाद में पेट्रोल पंप संचालकों और उनके प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में नगर निगम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि शहर को नम्बर वन बनाने के पवित्र अभियान से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है।
उल्लेखनीय है कि महापौर डॉ श्रीमती स्वाती सदानंद गोडबोले की पहल और निगमायुक्त श्री वेदप्रकाश के मार्गदर्शन में शहर में अनेक नवाचार किये जा रहे हैं और स्वच्छता के क्षेत्र में शहर को नंबर वन बनाने अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। अभियान से नागरिकों, व्यापारियों, छात्र छात्राओं के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से जुडी जानी मानी शख्सियतों को जोड़कर आम नागरिकों के बीच जागरूकता फैलाई जा रही है।
बैठक में निगमायुक्त श्री वेदप्रकाश ने बताया कि स्वच्छता को केंद्र और प्रदेश सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है अतः नगर निगम जबलपुर के द्वारा व्यापक अभियान छेड़कर घर घर दस्तक दी जा रही है और शहर को साफ सुथरा नागरिकों से सहयोग की अपील की जा रही है। बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों ने स्वच्छता अभियान के संबंध में अनेक सुझाव भी दिए और निगम प्रशासन को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
स्वच्छता संवाद में अपर आयुक्त जी एस नागेश, स्वच्छता सेल के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी श्री भूपेंद्र सिंह सहित शहर के पेट्रोल पंपों के संचालक और उनके प्रतिनिधि उपस्थित थे।








