नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 74 रुपये 8 पैसे प्रति लीटर हो गई है, जो सितंबर 2014 के बाद की सबसे ज्यादा कीमत है. इसी तरह डीज़ल की कीमत दिल्ली में 65 रुपये 31 पैसे प्रति लीटर हो गई है।
डीजल और पेट्रोल के दाम लगातार नई ऊंचाइयां छू रहे हैं. राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 74 रुपये 8 पैसे प्रति लीटर हो गई है, जो सितंबर 2014 के बाद की सबसे ज्यादा कीमत है. इसी तरह डीज़ल की कीमत दिल्ली में 65 रुपये 31 पैसे प्रति लीटर हो गई है. डीजल इतना महंगा पहले कभी नहीं हुआ था. महानगरों में सबसे बुरा हाल मुंबई का है, जहां पेट्रोल के दाम 81 रुपये 93 पैसे प्रतिलीटर हो गए हैं.

पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों की वजह अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की बढ़ती कीमत है. अब इनके दाम हर दिन रिवाइज होते हैं. क्रूड ऑयल की कीमत जैसे-जैसे बढ़ती या घटती है, वैसे-वैसे पेट्रोल और डीजल भी महंगे या सस्ते होते जाते हैं.
पिछले साल जून में सरकारी कंपनियों- आईओसी, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने रेट से जुड़ी 15 साल पुरानी प्रेक्टिस को खत्म करते हुए हर दिन रेट रिवाइज की नई प्रेक्टिस शुरू की थी. इससे पहले हर महीने की पहले और 16 तारीख को रेट रिवाइज की जाती थी.

पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. इस साल कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. बढ़ती कीमतों का खामियाजा अक्सर सरकार को उठाना पड़ता है, क्योंकि इससे महंगाई बढ़ती है.

वैसे सरकार पेट्रोल और डीजल को भी जीएसटी के दायरे में लाने पर विचार कर रही है और इस पर सहमति भी बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है. ऐसा होने से कीमतों को थोड़ा नियंत्रित करना संभव हो सकता है.

हालांकि ईरान पर यूएस और ईयू द्वारा फिर प्रतिबंध लगाने की संभावनाओं और सीरिया में बढ़ते संघर्ष से क्रूड की सप्लाई और कम हो सकती है. इससे क्रूड ऑयल की कीमतों में और इजाफा होने की आशंका बनती जा रही है.

गौरतलब है कि ग्लोबल क्रूड कीमतों के अलावा केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा लगाए जाने वाले टैक्स की वजह से भी पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ती जा रही हैं. हालांकि केंद्र सरकार ने 2017 के अक्टूबर में एक्साइज ड्यूटी में 2 रुपए प्रति लीटर की कटौती की थी, लेकिन इससे सरकार का सालाना रेवेन्यू 26,000 करोड़ रुपए कम हो गया था.

महानगरों में पेट्रोल की कीमत-
दिल्ली- 74 रुपये 8 पैसे
कोलकाता- 76 रुपये 78 पैसे
मुंबई- 81 रुपये 93 पैसे
चेन्नई- 76 रुपये 85 पैसे

महानगरों में डीजल की कीमत-
दिल्ली- 65 रुपये 31 पैसे
कोलकाता- 68.01 रुपये
मुंबई- 69.54
चेन्नई- 68.90








