FEATURED

पिता को बेटी ने किया फोन, फिर ससुराल में उठाया कदम

इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 7.30 बजे नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने घटना के दो घंटे पूर्व पिता को फोन कर कहा था कि ससुराल में उसे पीटते हैं। महिला के परिजन ने पति और अन्य पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

पुलिस के मुताबिक मृतका मनीषा गुर्जर (23) निवासी दूधिया है। जीजा देवेंद्र ने बताया कि मनीषा की डेढ़ साल पूर्व शादी हुई थी। पति हरीश और ससुर रामू का दूध का व्यवसाय है। मनीषा की साढ़े तीन महीने की बेटी है। घटना के वक्त सास समता और ननद स्वाति घर में काम कर रही थी।

दादी सास शांताबाई कमरे में पहुंची तो मनीषा फंदे पर लटकी थी। मनीषा के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले मनीषा से मारपीट करते थे। उसके चरित्र पर भी आरोप लगाते थे। आठ दिन पूर्व ही वह मायके (रणगांव) से ससुराल लौटी थी। सुबह करीब 5 बजे पिता को फोन करके उसने कहा था कि मुझे यहां से ले जाओ। मुझसे मारपीट की जाती है। इस पर पिता ने आने का कहा था। बाद में उसकी आत्महत्या की खबर मिली।

पुलिस के मुताबिक कमरे की तलाशी भी ली गई है। डीएसपी स्तर के अधिकारी से जांच करवाई जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button