पार्टी का झंडा थामने वाले कार्यकर्ता को देंगे टिकिट में प्राथमिकता
सागर/मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष तथा सागर नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष त्रिलोकीनाथ कटारे ने दमोह जिले के तेंदूखेड़ा पहुंच कर आगामी नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी चयन को लेकर रायशुमारी की।
इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माननीय श्री कमलनाथ जी की मंशा से अवगत कराते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर पार्टी का झंडा थामने वाले कार्यकर्ता को टिकिट में प्राथमिकता दी जाएगी। इस दौरान पूर्व विधायक प्रताप सिंह लोधी तथा आदित्य सोलोमन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रत्याशी चयन को लेकर नियुक्त पर्यवेक्षक त्रिलोकीनाथ कटारे के तेंदूखेड़ा पहुंचने पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष द्वारका सिंह व रघुनाथ सिंह समेत उपस्थित कांग्रेसजनों ने फूलमालाएं पहनाकर उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ सागर के कांग्रेस नेता सत्यनारायण तिवारी तथा वसीम खान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यहां आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव आम कार्यकर्ता का चुनाव है। इस चुनाव में ऐसे हर कार्यकर्ता को नेतृत्व करने का मौका मिलेगा जिसने बूथ और वार्ड स्तर पर कांग्रेस का तिरंगा थाम कर पार्टी को मजबूती देने का काम किया है। उन्होंने आम सहमति के द्वारा अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों के चयन में सहयोग देने का आव्हान किया।
पूर्व विधायक प्रताप सिंह लोधी ने कहा कि सभी कांग्रेस जन एकजुटता के साथ चुनाव जीतने का लक्ष्य लेकर चलें। आदित्य रत्नेश सालोमन ने कहा कि यह चुनाव अगले विधानसभा चुनाव की रिहर्सल है। प्रदेश कांग्रेस के पर्यवेक्षक त्रिलोकीनाथ कटारे ने बैठक के बाद अध्यक्ष और पार्षद पद के दावेदारों से वन टू वन चर्चा की। बाद में उन्होंने प्रमुख पदाधिकारियों से दावेदारों के सम्बन्ध मे रायशुमारी भी की।

