पाकिस्तान में इमरान की पार्टी सबसे आगे पर बहुमत किसी को नहीं
कराची। पाकिस्तान में चुनाव खत्म होने के बाद मतगणना चल रही है। पाक मीडिया के मुताबिक, शुरुआती रूझानों में इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ(पीटीआई) को बढ़त मिलती दिख रही है। खुद पीटीआई अध्यक्ष इमरान खान भी मियांवाली सीट से आगे चल रहे हैं।
रावलपिंडी, लोधरान में पीटीआई और एनए-29 पर पीएमएल(एन) के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। समा टीवी के मुताबिक, बिलावल भुट्टो एनए-246 लायरी सीट पर आगे चल रहे हैं। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) अध्यक्ष बिलावल भुट्टो पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बेटे हैं।
-नेशनल असेंबली के लिए अब तक के रुझानों में इमरान की पार्टी पीटीआई 54, पीएमएम-एन 40 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी 26 सीटों पर बढ़त के साथ तीसरे नंबर पर है।
- पीटीअाई के गुलाम सरवर NA-59 रावलपींडी से अागे चल रहे हैं।
-
पीटीअाई के मोहम्मद शफीक NA-161 लोधरन-2 से अागे चल रहे हैं।
-पीएमएल(एन) के अमिर मुकाम NA-29 से अागे चल रहे हैं।
वोटिंग के दौरान आतंकी हमले, 35 की मौत
बुधवार को मतदाताओं ने भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच वोट डाले। इस दौरान देश के कई इलाकों में हुई हिंसा और आतंकी हमलों में 35 लोग मारे गए जबकि 67 लोग घायल हैं। अशांत बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा के एक मतदान केंद्र के बाहर आत्मघाती धमाका भी हुआ। यह धमाका एक पुलिस वैन को निशाना बनाकर किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एजाज गोराया ने बताया कि आत्मघाती हमलावर क्वेटा के पूर्वी बाईपास के पास स्थित एक पोलिंग स्टेशन में घुसना चाहता था। भारी सुरक्षा व्यवस्था के चलते वह इसमें सफल नहीं हो पाया। इसके बाद वह पोलिंग स्टेशन के पास खड़ी एक पुलिस वैन के पास गया और धमाका कर दिया।
डीआईजी के काफिले पर भी हमला
मीडिया में आई खबरों के अनुसार, क्वेटा के डीआइजी अब्दुल रजाक चीमा के काफिले पर भी हमला किया गया। वह हालांकि सुरक्षित बताए गए हैं। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वाबी जिले के एक मतदान केंद्र के बाहर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआइ) और अवामी नेशनल पार्टी (एएनपी) के कार्यकर्ता भीड़ गए। इसमें पीटीआइ के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई और दो घायल हो गए। मीरपुरखास के पोलिंग स्टेशन के बाहर फायरिंग में एक अन्य व्यक्ति मारा गया।
मरदाना, राजनपुर, खिप्रो और कोहिस्तान समेत कई स्थानों पर हिंसा के चलते मतदान रोकना पड़ा। इससे पहले पाकिस्तान के 85 हजार से ज्यादा मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। कई मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही वोटरों की कतारें लग गई थी। शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद वोटों की गिनती शुरू हो गई। चुनाव आयोग ने नतीजे 24 घंटे के भीतर घोषित कर देने की बात कही है। सुरक्षित चुनाव कराने के लिए देशभर में सेना के 3.70 लाख जवानों के अलावा 4.50 लाख पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए थे।
एक साथ हुए संसदीय और प्रांतीय चुनाव
पाकिस्तान की संसद नेशनल असेंबली की 272 सीटों और चार प्रांतों की विधानसभाओं के लिए बुधवार को एक साथ मतदान कराया गया। चुनाव मैदान में पीएमएल-एन, पीटीआइ और बिलावल भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) समेत 30 ज्यादा पार्टियां खड़ी हैं।
नामचीन हस्तियों ने किया मतदान
राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने पत्नी के साथ कराची में मतदान किया। जबकि चीफ जस्टिस साकिब निशान ने लाहौर में वोट डाला। पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम अपनी मां के साथ मतदान करने पहुंचे। अभिनेत्री समीना पीरजादा ने ट्विटर पर स्याही लगी अंगुली के साथ अपनी तस्वीर साझा की।
चुनाव से पहले कराए गए कई सर्वे के अनुसार इस बार का मुकाबला काफी दिलचस्प और नजदीकी है। क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान और भ्रष्टाचार मामले में जेल की सजा काट रहे पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टियां एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रही हैं।
दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बेटे बिलावल के नेतृत्व वाली पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) इस मुकाबले में तीसरे स्थान पर पिछड़ती दिख रही है। लेकिन किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलने की सूरत में उसकी भूमिका अहम हो सकती है। शाम छह बजे मतदान खत्म होते ही वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी।
सर्वे संस्था – पीएमएल-एन – पीटीआई (वोट प्रतिशत)
गैलप पाकिस्तान – 26 – 25
पल्स कंसल्टेंट – 27 – 30
आईपीओआर (पंजाब) – 51 – 30
बिलावल बन सकते हैं किंगमेकर
सर्वे में 29 वर्षीय बिलावल की पार्टी पीपीपी पिछड़ती दिख रही है। पल्स कंसल्टेंट के सर्वे में उसे महज 17 फीसदी वोट मिलते दिख रहे हैं। लेकिन कई विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिलने पर पीपीपी किंगमेकर बन सकती है।
बहुमत के लिए चाहिए 137 सीटें
नेशनल असेंबली 342 सदस्यीय है। इनमें से 272 सीटों के लिए सीधे चुनाव हो रहा है। बहुमत के लिए 137 सीटें जीतना जरूरी है। बाकी 70 सीटें महिलाओं और अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित हैं। इन सीटों का आवंटन चुनाव में दलों को मिलने वाले वोटिंग प्रतिशत के आधार पर होता है।

2013 का आम चुनाव
पीएमएल-एन – 126
पीपीपी – 31
पीटीआई – 27
पहली बार किसी दल ने पूरा किया कार्यकाल
पाकिस्तान में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी दल ने सत्ता में पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। 2013 में शरीफ की पार्टी पीएमएल-एन सत्ता में आई थी और उसने अपना कार्यकाल पूरा किया।

