राष्ट्रीय

पहलवान बबीता फोगाट ने राहुल गांधी पर की टिप्पणी, ट्विटर पर कुश्ती लड़ रहे पूर्व कांग्रेस विधायक

नई दिल्ली। ओलंपियन और भारतीय पहलवान बबीता फोगाट व फरीदाबाद के तिगांव विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कांग्रेस नेता ललित नागर के बीच इस समय राहुल गांधी को लेकर ट्विटर वार चल रहा है। शुरुआत बबीता फोगाट की तरफ से हुई जब अब से 17 घंटे पहले उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बारे में ट्वीट किया- आज राहुल गांधी जी ने क्या बोला??? किसी को कुछ समझ आया तो बताना जरा।

बस फिर क्या था- ट्विटर पर बबीता के फॉलोअर्स तो बबीता के साथ नजर आए। वहीं, ललित नागर ने बबीता को जबाव दिया – दरअसल में यह आपकी लाइन नहीं है, आपकी लाइन तो पहलवानी है क्यों आप जबरदस्ती राजनीति कर रही हैं, वही कार्य करना चाहिए जो उसको समझ आए।

ट्विटर पर मिले इस जबाव का बबीता ने तपाक से जबाव दिया कि ललितजी यह बात आप राहुल गांधी जी को क्यों नहीं समझा देते। बहरहाल, ट्विटर पर इस टिप्पणी के बाद भाजपा व कांग्रेस समर्थकों के बीच द्वंद्व जारी है।

बता दें, बबीता फौगाट दंगल फिल्म के बाद देशभर में सुर्खियों में आई थी। इसके बाद उन्होंने राजनीति की तरफ कदम बढ़ाने शुरू किए। शुरुआत में वह दुष्यंत चौटाला की तरफ झुकाव रखती थी, लेकिन विधानसभा चुनाव से ऐन पहले बबीता ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। भाजपा ने भी पार्टी में बबीता को पार्टी में पूरा सम्मान दिया और उन्हें पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ाया। हालांकि, वह चुनाव हार गई, लेकिन वह राजनीति में अब पूरी तरह से सक्रिय हैं। ट्विटर पर बबीता पूरी तरह से सक्रिय रहती हैं और विरोधियों पर हमले करते रहती हैं।

Back to top button