FEATURED

पत्नी से विवाद के बाद बड़े तालाब में कूदा पति, मौत

भोपाल । खाना खाते समय पत्नी से विवाद के बाद मंगलवार शाम को एक व्‍यक्ति ने बड़े तालाब में कूदकर खुदकुशी कर ली। गुस्से में घर से निकलते समय वह बोलकर गया था कि अब मैं कभी वापस नहीं लौटूंगा। देर रात नगर निगम के गोताखोरों ने उसका शव शीतलदास की बगिया के पास तालाब से निकालकर पुलिस को सौंपा। वह गैस राहत दावा अदालत में वाहन चालक था।

 

श्यामला हिल्स थाना पुलिस के मुताबिक अरुण शाक्य (48) शहीद नगर, कोहेफिजा क्षेत्र में रहता था। वह गैस राहत दावा अदालत का वाहन चलाता था। परिवार में वह पत्नी मंजू और बेटा-बेटी के साथ रहता था। रोजाना की तरह मंगलवार शाम को वह ड्यूटी पूरी करने के बाद घर पहुंचा। खाना खाने के दौरान पत्नी से उनकी किसी बात को लेकर कहा-सुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में अरुण घर से निकल गया। जाते समय परिवार के लोगों से बोला कि अब घर नहीं लौटूंगा।

रात 11 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोग उनकी तलाश में निकले। इस दौरान रात में लभगग 11 बजे नगर निगम के गोताखोरों ने शीतलदास की बगिया के पास किसी का शव देखा। पुलिस को सूचना देकर बड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। उधर अनहोनी की आशंका के चलते परिवार के लोग शहर में बदहवास से घूम रहे थे। इस बीच पुलिस से बड़े तालाब में किसी का शव मिलने की जानकारी मिली। अरुण के परिवार के लोग भी कमला पार्क पर पहुंच गए। उन्होंने मृतक की पहचान अरुण के रूप में की। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।

Back to top button