मध्यप्रदेश

पत्नी के प्यार में घर जमाई ने नाग-नागिन का टैटू गुदवाया, फिर भी नहीं आई साथ

भोपाल। जब पत्नी ने अपने नाम का टैटू बनवाने के लिए कहा था तो पति ने दर्द होने का बहाना बनाकर बात टाल दी थी, लेकिन जब दोनों में झगड़ा हुआ तो पति ने ज्योतिषाचार्य के कहने पर अपने शरीर पर नाग-नागिन का टैटू बनवा लिया। इसके बावजूद रूठी पत्नी मायके से लौटने को तैयार नहीं हुई। उसका कहना है कि पति ने नौकरी छोड़ दी। रोज पैसों की डिमांड करने लगा। यही नहीं वह मेरे पिताजी के मकान में हिस्सा चाहता है। इसलिए वह पति के साथ नहीं रहना चाहती। इसलिए उसने कुटुम्ब न्यायालय में तलाक का केस लगा दिया। यह मामला अब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में काउंसिलिंग के लिए पहुंचा है।

राजधानी स्थित एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत अशुंमन शर्मा (काल्पनिक नाम) ने चार साल पहले एक स्टोन कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत स्नेहा शर्मा (काल्पनिक नाम) से लव मैरिज की थी। इससे पहले एक साल तक दोनों का अफेयर चला। दोनों की शादी घर जमाई बनने के शर्त पर हुई थी। इस शर्त का पालन पति ने किया, लेकिन फिर भी परिवार टूट गया।

काउंसलर का कहना है कि पति एक ज्योतिष के पास गया तो उसने कहा कि जब अपने शरीर पर नाग का परिवार बसेगा, तभी तुम्हारा घर बसेगा, इसलिए उसने अपने शरीर पर नाग परिवार बनवा लिया। इसके बावजूद पत्नी मानने को तैयार नहीं है। दोनों को फिर से काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है।

पत्नी के प्यार में घर जमाई बनकर रहा
काउंसिलिंग में पति ने बताया कि वह अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता है। शादी के बाद उसे पत्नी अपने घर ले गई। तब मैं अपनी मां को छोड़कर पत्नी के साथ गया, लेकिन वहां पर इनकी दोनों बहनों ने बहुत परेशान किया। मैं एक साल तक सब कुछ सहकर रहता। इसके बाद भी मुझसे झगड़ा कर घर से जाने के लिए बोल दिया गया। अब मैं अपनी मां के साथ रहता हूं, लेकिन पत्नी को भी साथ ले जाना चाहता हूं। वहीं पत्नी का कहना है कि इसके साथ नहीं रह सकती हूं। यह हर रोज पैसों की डिमांड करता है। मेरे पिताजी का मकान है तो वह इसमें हिस्सा चाहता है। इसने नौकरी भी छोड़ दी।

समझा रहे हैं
इस मामले में पत्नी को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हैं। वहीं पति उसके लिए कुछ भी करने को तैयार है।
-नूरून्निशा खान, काउंसलर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण

कुछ की कुंडली में दोष होता है
कुछ लोगों की कुंडली में ऐसा एक दोष होता है, जिसके कारण उनका परिवार टूट जाता है। ऐसे मामलों में बताया जाता है कि एक नाग-नागिन का जोड़ा लाकर घर में पूजा करो तो तुम्हारा घर बस जाएगा। ऐसा हो सकता है कि ज्योतिषाचार्य ने उस व्यक्ति को नाग के परिवार का टैटू गुदवाने के लिए बोला हो, ताकि उसका घर बस जाए।

डॉ. अंजना गुप्ता, ज्योतिषाचार्य

Leave a Reply

Back to top button