मध्यप्रदेश

पटवारी परीक्षा – ई-रिकॉर्ड में रहेगी परीक्षार्थियों की कुंडली, डाटाबेस हो रहा तैयार

जबलपुर। प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड द्वारा पटवारी भर्ती परीक्षा में शामिल होने आने वाले हर परीक्षार्थी की कुंडली तैयार हो रही है। पीईबी और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस के पास यह पूरा ई-रिकॉर्ड रहेगा। प्रदेश की सबसे बड़ी पटवारी भर्ती परीक्षा में 10 लाख से ज्यादा आवेदकों का हिसाब रखने का यह बेहतर अवसर मिला है।

एक और बड़ी वजह है कि आधार बायोमैट्रिक वेरीफिकेशन के कारण इस परीक्षा में शामिल होने वाले आवेदकों की पहचान लॉक हो जाएगी।

रिकॉर्ड मिसमैच होने वालों का भी रिकॉर्ड रखा जा रहा है। आगे की परीक्षाओं में एक क्लिक पर हर परीक्षार्थी का रिकॉर्ड स्क्रीन पर होगा कि पहले और अब बताई जाने वाली पहचान एक ही है या नहीं। जबलपुर समेत16 शहरों में चल रही पटवारी भर्ती परीक्षा में पीईबी ने पहली बार आधार कार्ड का बायोमैट्रिक वेरीफिकेशन अनिवार्य किया है।

यह परीक्षा 9 दिसंबर शरू हो चुकी है और 29 दिसंबर तक चलेगी। इस परीक्षा में फर्जीवाड़े को पूरी तरह खत्म करने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई गई है और बिना आधार वेरीफिकेशन के एंट्री ही नहीं दी जा रही है। इसके पीछे पीईबी का मकसद छात्रों का ऑनलाइन डाटा भी अपने पास सुरक्षित रखना है जिससे आगे की परीक्षाओं में चुटकियों में पड़ताल की जा सके। परीक्षा में आने वाले परीक्षार्थी का ऑनलाइन आधार वेरीफिकेशन किया जाता है।

इसमें पूरा डाटा सर्वर पर अपलोड किया जा रहा है। आधार मैच होने वाले आवेदक की आधार कार्ड में उपलब्ध जानकारी मिल जाती है और जिसका मैच नहीं होता उसके एडमिट कार्ड के माध्यम से डाटा अपलोड किया जा रहा है। 10 लाख से ज्यादा आवेदकों का डाटा इस परीक्षा में पीईबी-टीसीएस के पास उपलब्ध हो जाएगा।

Leave a Reply

Back to top button