अमृतसर। पंजाब के तीन नगर निगमों-अमृतसर, जालंधर और पटियाला और 32 म्युनिसिपल काउंसिल और नगर पंचायतों पर रविवार (17 दिसंबर) को मतदान संपन्न हुआ। वोटिंग 8 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चली। मतगणना जारी है, शुरुआती रुझानों में कांग्रेस कई जगह आगे चल रही है। पटियाला की 60 सीटों में 56 के नतीजे आए हैं और सभी 56 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा जालंधर की 80 में से 77 के नतीजे आए हैं और कांग्रेस ने 63 सीटें जीती हैं। अमृतसर में 85 में से 61 के नतीजे घोषित किए गए हैं और वहां कांग्रेस ने 45 सीटें जीत ली हैं। 32 नगर निगम कमेटियों में से कांग्रेस ने 31 में जीत दर्ज की है। पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने कहा, ”नतीजे हमारे लिए बेहद अच्छे रहे हैं, हम बेहद खुश हैं। आपको इससे बेहतर नतीजे नहीं मिल सकते। तीनों नगर निगमों में से, हमने सब जीत लिए।”
अमृतसर में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, ”कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी ने पहली बार जीत का स्वाद चखा है। ये हमारे कप्तान (सीएम अमरिंदर सिंह) की पगड़ी की तीसरी जीत है।” पटियाला में कुछ पोलिंग बूथों पर हिंसा की खबर आई है, जिसकी शिकायत भाजपा और अकाली दल ने चुनाव आयोग से की है। इन जगहों पर दोबारा मतदान होगा या नहीं, इसपर राज्य चुनाव आयोग आखिरी फैसला लेगा।
– पंजाब सीएम अमरिंदर सिंह ने कहा, ”पटियाला की 60 सीटों में 56 के नतीजे आए हैं और सभी 56 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा जालंधर की 80 में से 77 के नतीजे आए हैं और कांग्रेस ने 63 सीटें जीती हैं। अमृतसर में 85 में से 61 के नतीजे घोषित किए गए हैं और वहां कांग्रेस ने 45 सीटें जीत ली हैं।”
– अमृतसर नगर निगम में कांग्रेस आगे चल रही है। पार्टी के कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। एएनआई से नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, ”कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी ने पहली बार जीत का स्वाद चखा है, हमारे कप्तान की पगड़ी की तीसरी जीत है ये।”
– पटियाला में जिन जगहों पर हिंसा हुई है, उन बूथों पर दोबारा मतदान कराने की अपील भाजपा और अकाली दल ने की है। दोबारा मतदान होगा या नहीं, इसका फैसला चुनाव आयोग करेगा।
-अकाली दल ने कांग्रेस के खिलाफ चुनाव आयोग को अॉनलाइन शिकायत भेजी है। दलजीत चीमा की अगुआई में 3 बजे अकाली दल राज्य चुनाव आयोग से मुलाकात करेगा।
-दोपहर 12 बजे तक तलवंडी साबो में 43 फीसदी, दिबरा में 50.26 फीसदी, संगरूर में 52.83 फीसदी, खानौरी में 53.38 प्रतिशत, चीमा में 61.92 प्रतिशत और मोनाक में 45.77 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।
-जालंधर में दोपहर 12 बजे तक 29.79 फीसदी मतदान हुआ, बरनाला वॉर्ड नंबर 10 में भी कांग्रेस-अकाली दल के कार्यकर्ताओं के भिड़ने की खबर है। पुलिस की दखलअंदाजी के बाद स्थिति को काबू में लिया गया।
-पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने अमृतसर के वार्ड नंबर 9 के पोलिंग स्टेशन 5 पर अपना वोट डाला।
–सुबह 10 बजे तक तीनों नगर निगमों में इतनी वोटिंग हो चुकी है:
अमृतसर-14 प्रतिशत
जालंधर-10.43 प्रतिशत
पटियाला-12 प्रतिशत
-पटियाला: अकाली दल की उम्मीदवार रुपिंदर कौर को वॉर्ड नंबर 35 में घुसने से रोका गया। अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने वाईपीएस चौक पर सरकार विरोधी नारे गए।
-सुबह 10 बजे तक दिरबा में 22%,खानौरी में 25 प्रतिशत, मूनक में 22 प्रतिशत और चीमा में 28.50 प्रतिशत वोट डाले जा चुके हैं। वहीं लुधियाना में 10 बजे तक 16.65 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला है।
-लुधियाना के मच्छीवाड़ा में 20 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया है। वहीं पटियाला के वार्ड नंबर 14 में पुलिस और वोटरों के बीच झड़प की खबर मिली है। पुलिस ने मतदाताओं पर लाठीचार्ज भी किया। इंडिया डॉट कॉम के मुताबिक लाठीचार्ज में महिला सहित दो पत्रकार घायल हुए हैं।
-दसरोई के नवा नरोडा पोलिंग बूथ पर लोग सुबह से ही मतदान करने पहुंच रहे हैं। बूथ के बाहर लंबी कतारें नजर आ रही हैं।
