katniमध्यप्रदेश

नो पार्किंग स्थल वाले शहर में अतिक्रमण विभाग के आउट सोर्स कर्मचारियों की तालाबंदी से भडक़ा आक्रोश, अतिक्रमण विभाग के आफिस में चले लात व घूंसे

नो पार्किंग स्थल वाले शहर में अतिक्रमण विभाग के आउट सोर्स कर्मचारियों की तालाबंदी से भडक़ा आक्रोश, अतिक्रमण विभाग के आफिस में चले लात व घूंस

कटनी। शहर में बिना पार्किंग स्थल विकसित किए नगर निगम के द्धारा अतिक्रमण विभाग के आउट सोर्स कर्मचारियों के माध्यम से शहर में जगह-जगह खड़े वाहनों में की जा रही ताला बंदी को लेकर अब लोगों में खासा आक्रोश पनप रहा है तथा शुक्रवार को लोगों के आक्रोश ने हिंसक रूप भी ले लिया। अतिक्रमण विभाग के आउट सोर्स कर्मचारियों के द्धारा वाहन उठाने की कार्रवाई से भडक़े कुछ लोग सीधे टीसी बजान स्कूल परिसर स्थित अतिक्रमण विभाग के कार्यालय में घुस गए और वहां मौजूद शासकीय कर्मचारी के साथ बेरहमी से लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अतिक्रमण विभाग के आउट सोर्स कर्मचारियों के द्वारा की गई गाड़ी उठाने की कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कानून-व्यवस्था को ताक पर रखकर कार्यालय के अंदर ही कर्मचारी पर हमला बोल दिया। उल्लेखनीय है कि शहर में बीच सडक़ पर वाहन पार्किंग की व्यवस्था समाप्त होने के बाद शहर में लोगों को वाहन पार्क करने में भारी समस्या जा रही है। वैसे भी शहर के अंदर एक भी पार्किंग स्थल नहीं है। दुकानों के सामने वाहन पार्क करने पर अतिक्रमण विभाग के आउट सोर्स कर्मचारी न केवल वाहन मालिकों के साथ अभद्रता करते हैं बल्कि वाहन में ताला बंद करके गोल भी हो जाते हैं। जिसके कारण लोगों में इस प्रकार की कार्रवाई से आक्रोश पनप रहा है और कल की घटना भी इसी आक्रोश का परिणाम है।

सिर पर तसला मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

इस सनसनीखेज वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर दावा किया जा रहा है कि हमलावरों ने न केवल कर्मचारी के साथ हाथापाई की बल्कि उसके सिर पर लोहे का तसला भी दे मारा। हालांकि इस वायरल वीडियो की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस

सरकारी दफ्तर में घुसकर कर्मचारी के साथ हुई इस हिंसक मारपीट के बाद नगर निगम के अतिक्रमण विभाग के अधिकारी और पीडि़त कर्मचारी लामबंद होकर शिकायत दर्ज कराने कोतवाली थाना पहुंचे। निगम कर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Back to top button