बाल संत जी महाराज के सानिध्य में निकली भव्य कलश एवं शोभायात्रा, श्रीमद्भागवत कथा प्रारंभ

बाल संत जी महाराज के सानिध्य में निकली भव्य कलश एवं शोभायात्रा, श्रीमद्भागवत कथा प्रारंभ
कटनी। जिले के समीपस्थ ग्राम मुड़हरा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में श्री सिद्धन धाम लोढ़ा पहाड़ आश्रम वाले पूज्य श्री बाल संत जी महाराज के सानिध्य में आयोजित साप्ताहिक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश एवं शोभायात्रा के साथ हुआ। कथा का वाचन महंत श्री सीताराम शरण जी महाराज द्वारा किया जाएगा।
शुक्रवार देर शाम पूजन-अर्चन के उपरांत संत श्री के सानिध्य में श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत शोभायात्रा निकाली गई। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर बैंड-बाजों एवं भजन-कीर्तन के साथ यात्रा में भाग लिया। संत श्री द्वारा सीताराम संकीर्तन का गायन किया गया, वहीं भक्तों की मंडली जय श्रीराम और जय सियाराम के जयघोष करते हुए पूरे गांव का भ्रमण करती रही।
शोभायात्रा के दौरान ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। धार्मिक वातावरण से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा। आयोजन समिति के अनुसार सप्ताह भर चलने वाली कथा के दौरान श्रद्धालु संत श्री के दर्शन एवं श्रीमद्भागवत कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
ग्राम मुड़हरा में श्री बाल संत जी महाराज के प्रवास की सूचना से क्षेत्र सहित शहर के श्रद्धालुओं एवं शिष्य मंडली में विशेष उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में भक्त कथा स्थल पहुंचकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।








