नांदेड़ साहिब में चढ़ावे के 50 किलो सोने से बनेगा कोविड महामारी से लड़ने के लिए अस्पताल
जेएनएन, चंडीगढ़/मुंबई। सिख पंथ हमेशा ही मानवता की सेवा के लिए बढ़ चढ़ कर आगे आता रहा है। कोरोना काल में मरीजों के लिए बेड व आक्सीजन की व्यवस्था से लेकर खाने के लंगर लगाने में सिखों ने मिसाल पेश की है। अब महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित सिखों के पांचवें तख्त श्री हजूर साहिब में चढ़ावे के रूप में इकट्ठा हुआ 50 किलोग्राम सोना महामारी से लड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।
श्री हजूर साहिब का प्रबंधन पिछले 50 वर्षो से जमा हुए चढ़ावे के सोने का इस्तेमाल कर यहां मेडिकल कॉलेज व सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने की तैयारी कर रहा है। श्री हजूर साहिब प्रबंधन के पास जत्थेदार ज्ञानी कुलवंत सिंह का यह प्रस्ताव पिछले एक वर्ष से भी ज्यादा समय से विचाराधीन है, लेकिन कोरोना के कारण बोर्ड की मीटिंग न होने से इस पर कोई फैसला नहीं हो पा रहा था। अब श्री हजूर साहिब गुरुद्वारे के बोर्ड ने सक्रियता दिखाई है।
बोर्ड जल्द ही बैठक बुलाकर इस पर अंतिम निर्णय लेगा। रविवार को दैनिक जागरण से बातचीत में बोर्ड के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह मिन्हास ने बताया कि वह जल्द ही बोर्ड की बैठक बुलाकर यह प्रस्ताव बोर्ड के सामने रखेंगे। गौरतलब है कि तख्त श्री हजूर साहिब की ओर से मेडिकल कालेज व अस्पताल बनाने का प्रस्ताव जत्थेदार ज्ञानी कुलवंत सिंह ने रखा था।