
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बीजेपी नेताओं और मंत्रियों को नसीहत दी कि उन्हें विवादास्पद बयानों से दूरी बनाकर चलना चाहिए. नमो ऐप के माध्यम से पार्टी के सांसदों, विधायकों और अन्य प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान पीएम ने पार्टी के बड़बोले नेताओं को जमकर लताड़ लगाई.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार पीएम ने कहा, “हम गलतियां करते हैं और मीडिया को मसाला मिल जाता है. कैमरा देखते ही हम एक्सपर्ट्स की तरह किसी भी मुद्दे पर बयान देना शुरू कर देते हैं और फिर बिना किसी आधार और जानकारी के दिए गए इन बयानों के पीछे मीडिया पड़ जाती है. यह मीडिया की गलती नहीं है.”
बीजेपी कार्यकर्ताओं से इस बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी ने ग्रामीण जनता का दिल जीतने में सफलता हासिल की है. उन्होंने झारखंड के स्थानीय चुनाव में बीजेपी की जीत का भी जिक्र किया. उन्होंने सांसदों और विधायकों से कहा कि उन्हें अपने क्षेत्र में आने वाले गांवों की चार से पांच समस्याओं का समाधान की करने का प्रण लेना चाहिए. पीएम ने नेताओं को ग्राम स्वराज अभियान पर नजर रखने की सलाह भी दी.
मोदी ने कहा, ‘बीजेपी सत्ता में इसलिए नहीं आई क्योंकि कांग्रेस ने गलतियां की बल्कि हम हमेशा जनता से जुड़े रहे हैं इसलिए हमें चुना गया. अब सत्ता में रहते हुए यह हमारी जिम्मेदारी है कि जनता की समस्याओं का समाधान निकालें.’ उन्होंने कहा, ‘बीजेपी को लेकर धारणा थी कि यह एक विशिष्ट तबके, शहरी लोगों और उत्तर भारत की पार्टी है. यह धारणा अब बदल चुकी है और बीजेपी अब एक ऐसी संस्था में तब्दील हो चुकी है जो सबको साथ लेकर चलती है.’
पीएम ने कहा, “समाज के हर वर्ग में हमारा जनाधार बढ़ रहा है और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है.” उन्होंने पार्टी के नेताओं से कहा कि गांवों को विकास कार्यों से जोड़ने के लिए उन्हें तकनीक का इस्तेमाल करना चाहिए.
वहीं बेरोजगारी को लेकर हो रही सरकार की आलोचना पर पीएम ने कहा, ‘जो लोग रोजगार के मुद्दे पर राजनीति करना चाहते हैं वो करते रहें. सरकार जनता को स्वरोजगार के मौके उपलब्ध कराएगी.’ मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की ग्रामीण क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के लिए और गरीबों, किसानों, दलितों और आदिवासियों की बेहतरी के लिए काम करें. पीएम ने हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम आयुष्मान भारत के अलावा किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए उनकी सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया.
पीएम कर्नाटक के बीजेपी कार्यकर्ताओं से 26 अप्रैल को वीडियो ब्रिज टेक्नोलॉजी के माध्यम से बात करेंगे. बता दें कि कर्नाटक विधानसभा के लिए 12 मई को मतदान होने हैं.








