Latestछत्तीसगढ़

नक्‍सली हमले के दौरान पत्रकार ने रिकार्ड किया था VIDEO कहा-हो सकता है हमले में मेरी भी मौत हो जाए

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना अंतर्गत नीलावाया जंगल में मंगलवार को नक्सलियों ने चुनाव ड्यूटी पर निकले पुलिस जवानों पर हमला कर दिया था। घटना के दौरान कई पत्रकार भी टीम के साथ थे। इनमें से एक पत्रकार मोरध्वज ने घटना के दौरान एक वीडियो शूट किया है। इस वीडियो को देखकर महसूस हो रहा है कि हमले के दौरान वहां का मंजर कितना भयावह था।




वीडियो में मोरध्वज परिस्थिति का विश्लेषण कर रहे हैं। यह वीडियो उन्होंने अपने मोबाइल फोन से तैयार किया है जिसे उन्होंने अपने परिजनों को भेजा था। इस वीडियो में वे कहते नजर आ रहे हैं कि परिस्थितियां बेहद खराब हैं और हो सकता है कि मैं भी यहां हमले में मारा जाउं। यह वीडियो काफी तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
इसके साथ ही एक अन्य वीडियो भी इस दौरान शूट किया गया था, जिसमें हमले के तत्काल बाद पुलिस टीम के सदस्य अपने घायल साथियों को सम्हालते नजर आ रहे हैं। इस हमले में दो पुलिस जवान शहीद हुए और दूरदर्शन के एक कैमरामैन अच्युतानंद की मौत हो गई। फायरिंग के दौरान शहीद जवान का एके- 47 और मीडिया कर्मी का कैमरा नक्सली लूटकर ले गए।

मौके पर मिले खून के धब्बों से अधिकारी दो नक्सलियों के भी मारे जाने की संभावना जताई हैं। 30 जवानों की टीम नीलावाया रोड ओपनिंग के लिए निकली थी। भावुकता भरा यह वीडियो बता रहा है कि बस्तर में नक्सलियों की वजह से किस तरह अशांति फैली हुई है और यहां शांतिपूर्ण मतदान कराना सरकार के लिए कितनी बड़ी चुनौती है।

Leave a Reply

Back to top button