दो दिन के चुनावी दौरे पर कटनी पहुंचे अजय सिंह राहुल
कटनी। कांग्रेस ने कटनी जिले में अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। आज से दो दिन के दौरे पर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल कटनी में हैं।
न्याय यात्रा के तहत आज ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कल विजयराघवगढ़ और कटनी में लेंगे सभा
आज पहले दिन उन्होंने बहोरीबंद और बड़वारा विधानसभा क्षेत्रों के दौरे कर रोड शो और सभाएं की। ग्रामीणों से जनसंपर्क कर उन्होंने कांग्रेस की नीतियों का प्रचार करते हुए भाजपा पर तीखे हमले किये। कल विजयराघवगढ़ और कटनी शहर में उनकी सभाएं होंगी।
जानकारी के मुताबिक अजय सिंह राहुल आज सुबह बिलहरी पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेसजनों से मुलाकात कर जनसंपर्क किया। इसके उपरांत देवगांव, रीठी, बड़गांव, सलैया, बाकल, बहोरीबंद और कुआ होते हुए स्लीमनाबाद पहुंचे।
इन क्षेत्रों में उन्होंने सभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किये। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारों ने जनता के हितों पर कुठाराघात किया है। अब समय बदलाव का है।
राहुल भैया ढीमरखेड़ा और शाम 6 बजे के बाद बड़वारा पहुंचकर जनसभा को संबोधित करने वाले थे। सभाओंं में विधायक सौरभ सिंह, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष गुमान सिंह, शहर अध्यक्ष मिथलेश जैन समेत क्षेत्र के कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
राहुल भैया कल 24 जुलाई को 12 बजे विजयराघवगढ़ में आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत शाम 4 बजे कटनी के घंटाघर रामलीला मैदान में आमसभा लेंगे। वे काार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद सतना प्रस्थान करेंगे।

