Latest

‘देश में कैश की कमी के पीछे साजिश, 2,000 के नोट दबाए जा रहे लोग’

नई दिल्‍ली। देश के कई राज्यों में एटीएम में नकदी की कमी के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में कैश की कमी पैदा करने का साजिश चल रहा है. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने इसी साजिश के तहत 2,000 के नोट दबा रखे हैं. उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि यह साजिश करने वाले कौन लोग हैं.

चौहान ने ‘कृषक समृधि योजना’ का शुभारंभ करने के बाद यहां किसान महासम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा, ‘जब (नवंबर 2016 में) नोटबंदी हुई थी तब 15 लाख करोड़ रुपये के नोट बाजार में थे और आज साढ़े सोलह लाख करोड़ के नोट छापकर बाजार में भेजे गए हैं.’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन दो-दो हजार के नोट कहां जा रहे हैं, कौन दबाकर रख रहा है, कौन नकदी की कमी पैदा कर रहा है. यह षड्यंत्र है.’

चौहान ने कहा कि यह षड्यंत्र इसलिए किया जा रहा है, ताकि दिक्कतें पैदा हो. उन्होंने कहा, ‘आज प्रदेश में नगदी की कमी पैदा की जा रही है, इससे राज्य सरकार निपटेगी. प्रदेश सरकार इस पर सख्ती से कार्रवाई करेगी.’ चौहान ने कहा, ‘इस संबंध में हम केंद्र से भी बात कर रहे हैं.’ उन्होंने कहा कि किसानों को कोई भी दिक्कत हो तो मुख्यमंत्री निवास पर स्थापित कंट्रोल रूम के फोन नंबर-0755-2540500 पर फोन करें.

चौहान ने कांग्रेस पर प्रदेश में सत्ता में आने के लिए अराजकता पैदा करने का अरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस मध्यप्रदेश की धरती पर लाशों पर राजनीति करने का षड्यंत्र प्रारंभ कर रही है. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस सत्ता के लिए प्रदेश में आग लगाना चाहती है, हिंसा फैलाना चाहती है, खून से खेलना चाहती है.’


चौहान ने कहा कि पिछले साल भी कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से किसानों को भड़काने और प्रदेश में गड़बड़ी उत्पन्न करने की कोशिश की थी.

Leave a Reply

Back to top button