दिल्ली में बैठक: कांग्रेस ने तय किए मालवा-निमाड़ के 35 सिंगल नाम
भोपाल। विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों के चयन के लिए दिल्ली में सोमवार को तीसरे दौर की बैठक शुरू हुई, जिसमें पहले दिन मालवा-निमाड़ की 66 सीटों पर चर्चा हुई। आज करीब 35 सीटों पर सिंगल नाम तय किए गए। दूसरे दौर की बैठक में 71 सिंगल नाम पर सहमति बन चुकी थी।
बैठक में पहले सुबह पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव को कमेटी के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने अपने निवास पर बुलाया। उनसे निमाड़ क्षेत्र की 21 सीटों को लेकर चर्चा की। यादव ने उन्हें करीब 25 दावेदारों की सूची भी सौंपी।
बैठक शाम को चार बजे पुन: शुरू हुई, जिसमें कमेटी के अध्यक्ष मिस्त्री, सदस्य अजय कुमार लल्लू व नेटा डिसूजा सहित पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शामिल हुए। इसमें मध्यभारत, मालवा और निमाड़ की करीब 66 सीटों पर मंथन हुआ।
मालवा के शाजापुर व कुछ अन्य जिलों सहित निमाड़ के खंडवा-खरगोन, बड़वानी जैसे क्षेत्रों की सीटों पर कमेटी ने मंथन किया।
अब सिंगल नाम पर जोर
सूत्र बताते हैं कि बैठक में मध्यभारत, मालवा और निमाड़ क्षेत्र की जिन विधानसभा सीटों पर चर्चा हुई उनमें यह कोशिश की गई है कि ज्यादा से ज्यादा सिंगल नाम तय हो जाएं।
शाम आठ बजे तक चली बैठक में ऐसी करीब 35 सीटों पर आम सहमति से सिंगल नाम सामने आए। स्क्रीनिंग कमेटी की अभी दो दिन और बैठक चलेगी। इसके बाद 26 अक्टूबर को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। कांग्रेस में अभी तक सिंगल नाम पर सहमति वाली 106 सीटें हो चुकी हैं।

