दसवीं के विद्यार्थियों को नहीं मिलेगा बेस्ट ऑफ फाइव योजना का लाभ
भोपाल । माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की दसवीं बोर्ड के बचे हुए दो पेपर को निरस्त कर दिया गया है। शासन ने दोनों पेपर में सभी को पास करने की घोषणा की है। इससे विद्यार्थियों को बेस्ट ऑफ फाइव योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इससे इस बार गणित व विज्ञान में फेल विद्यार्थियों की संख्या बढ़ेगी। अभी हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों को एक विषय और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों को दो विषय में पास किया जा रहा है। वहीं रिजल्ट पहले लिए गए पेपरों के आधार पर तैयार होगा। इसी आधार पर मेरिट का चयन भी होगा। जिन विषयों के पेपर नहीं होंगे, उनमें मार्कशीट में विषय के सामने पास लिखा जाएगा। ज्ञात हो कि कोरोना संक्रमण के कारण 21 मार्च से सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं। बोर्ड परीक्षा में करीब साढ़े 19 लाख विद्यार्थी शामिल हुए थे।
10वीं में फेल व सप्लीमेंट्री विद्यार्थी बढ़ेंगे
इस बार दसवीं में दो विषय में सभी को पास करने के बाद भी फेल और सप्लीमेंट्री के विद्यार्थी बढ़ेंगे। अधिकतर विद्यार्थी गणित या विज्ञान विषय में फेल होते थे, जिन्हें बेस्ट ऑफ फाइव के तहत पास किया जाता था। हर साल प्रदेश के करीब 1 लाख विद्यार्थी को बेस्ट ऑफ फाइव के तहत पास किया जाता था।
क्या है बेस्ट ऑफ फाइव योजना
मंडल ने 2016-17 की बोर्ड परीक्षा से इस योजना को लागू किया था। इसके तहत 10वीं में छह विषयों में से सिर्फ पांच में ही पास होना अनिवार्य है। यदि विद्यार्थी एक पेपर में फेल हो जाता है तो उसे पास माना जाएगा।