Latest

तो इस बात से नाराज हो गई प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के दो चरणों का मतदान हो चुका है वहीं कांग्रेस पार्टी को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। इसमें बड़ा झटका यह है कि पार्टी की महिला प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। प्रियंका यूपी में अपने साथ दुर्व्यवहार करने वालों को फिर से पार्टी में शामिल करने से नाराज थीं। इसके बाद वो अब शिवसेना में शामिल होंगी। शिवसेना नेता संजय राउत ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि प्रियंका आज शाम तक उनकी पार्टी में शामिल हो जाएंगी।

जानकारी के अनुसार प्रियंका ने गुरुवार रात को ही राहुल गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया ता और इसके बाद उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर भी कांग्रेस प्रवक्ता का पद हटा दिया था।

खबरों के अनुसार प्रियंका ने इस बाद से दुख जताया है कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस में ही ऐसे लोगों को फिर से शामिल कर लिया गया जिन्होंने पार्टी की महिला पदाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया।

दरअसल, पूरा मामला 2018 का है जब प्रियंका राफेल घोटाले को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने यूपी के मथुरा गईं थीं। उस दौरान उनके साथ कुछ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा दुर्व्यवहार किया गया था और प्रियंका की शिकायत पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी हुई थी। लेकिन बाद में ज्योतिरादित्य सिंधिया की सिफारिश पर उन्हें फिर से पार्टी में रख लिया गया था।

प्रियंका चतुर्वेदी इसी बात से नाराज थीं और दो दिन पहले भी उन्होंने ट्वीट कर पार्टी से अपनी नाराजगी जताई थी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा था कि यह दुखद है कि कांग्रेस में मेहनत और खून पसीना बहाकर पार्टी को आगे ले जाने वालों की बजाय गुंडों को तवज्जो दी जा रही है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply