
वेब डेस्क। रेलवे ने अपने सभी जोनों में रखरखाव का प्रमुख कार्य रविवार को करने का निर्णय लिया है. ऐसे में सप्ताह के आखिरी में ट्रेन यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है. हालांकि, रेल मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि खाने के समय के दौरान अगर ट्रेन चलने में देरी होती है तो आरक्षित टिकटों वाले यात्रियों को मुफ्त में खाना और पानी दिया जाएगा.
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय रेल के अगस्त 15 तक टाइमटेबल पर काम करने के बाद रखरखाव का काम एक बार फिर शुरू किया जाएगा. टाइमटेबल पर काम करने के दौरान यह पहचान की जाएगी कि कौन सी ट्रेन प्रभावित हो सकती है. गोयल ने यहां पर एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सभी जोनों से कार्यों का संयोजन किया जाएगा और रखरखाव का अधिकतम काम रविवार को करने का प्रयास किया जाएगा.
गोयल ने बताया कि यह निर्णय लिया गया है कि सभी जोनल रेलवे की समय-सारणी को इस तरह से संशोधित किया जाएगा कि रखरखाव का कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जा सके. उन्होंने कहा कि यात्रियों को देरी के बारे में एसएमएस के जरिए सूचना दी जाएगी और समाचार पत्रों में विज्ञापन दिया जाएगा.
उन्होंने 15 जून को रेलवे के सात जोनों के साथ समीक्षा बैठक की थी. उन्होंने कहा कि मेल / एक्सप्रेस ट्रेनों के समय से चलने का औसत 16 जून को बढ़ कर 85 प्रतिशत हो गयी जो पहले 70 प्रतिशत था.








