ट्रेन डियूटी को लेकर भिड़ा जबलपुर और बिलासपुर जोन का रनिंग स्टाफ, फिर क्या हुआ..
शहडोल/जबलपुर । पश्चिम-मध्य रेलवे जबलपुर व दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के अंतर्गत आने वाले शहडोल स्टेशन में रनिंग स्टाफ के बीच सोमवार को ट्रेन ड्यूटी पर अधिकार को लेकर टकराव हो गया। शहडोल स्टेशन में पदस्थ दपूमरे बिलासपुर मंडल के स्टाफ और संगठन पदाधिकारियों ने जबलपुर के रनिंग स्टाफ, लोको पायलट व सहायक लोको पायलट के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी।
इसके बाद अंबिकापुर-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन से जबलपुर के स्टाफ को उतारकर अपने स्टाफ से गाड़ी बढ़ाई गई। घटना के विरोध में जबलपुर स्टेशन पर अंबिकापुर एक्सप्रेस में शहडोल के गार्ड को ड्यूटी से हटाकर जबलपुर का स्टाफ लगाया गया और उन्हें गांधीवादी तरीके से पुष्पगुच्छ भेंट किया गया।
पिछले दिनों पमरे जबलपुर व दपूमरे बिलासपुर जोन ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया था कि दोनों मंडलों के रनिंग स्टाफ को समान दूरी तक ट्रेन संचालन का अवसर दिया जाएगा। जबलपुर का रनिंग स्टाफ अंबिकापुर एक्सप्रेस लेकर शहडोल तक जाएगा और वहां से वापस आएगा, जबकि शहडोल का स्टाफ गाड़ी संख्या 08233-08234 बिलासपुर-इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस व गाड़ी संख्या 02853-02854 दुर्ग-भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस चलाएगा।
जबलपुर का स्टाफ पहली ही ट्रिप पर गया : बताया जाता है कि जबलपुर के रनिंग स्टाफ में लोको पायलट निरंजन बर्नवाल, एएलपी रवि चंद्रवंशी पहली ही ट्रिप पर शहडोल से जबलपुर अंबिकापुर एक्सप्रेस लाने के लिए स्टेशन पहुंचे। जैसे ही इंजन पर सवार पहुंचे, वहां के श्रमिक संगठनों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए दोनों रनिंग स्टाफ के साथ अभद्रता शुरू कर दी। एएलपी रवि चंद्रवंशी के साथ जमकर मारपीट की।
गांधीवादी तरीके से विरोध : जैसे ही जबलपुर में वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन (डबल्यूसीआरईयू) के पदाधिकारियों को लगी, वैसे ही उनमें आक्रोश फैल गया। मंडल सचिव नवीन लिटोरिया व मंडल अध्यक्ष बीएन शुक्ला के निर्देशन पर सबसे पहले मालगाड़ी लेकर सागर जा रहे शहडोल के स्टाफ को तुरंत ही एनकेजे में उतार दिया गया। वहां से एनकेजे से स्टाफ को आगे रवाना किया गया।
शहडोल के गार्ड को पुष्प गुच्छ भेंट : जबलपुर स्टेशन पर अंबिकापुर एक्सप्रेस लेकर जा रहे शहडोल के गार्ड को डबल्यूसीआरईयू के नेतृत्व में आक्रोशित रेल कर्मचारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट किया। उन्हें ड्यूटी की बजाय बैठकर जाने को कहा गया और जबलपुर से कटनी साउथ तक जबलपुर का गार्ड गया।
चलता रहा विवाद, प्लेटफार्म में खड़ी रही गाड़ी : ट्रेन परिचालन को लेकर चालकों के बीच विवाद बढ़ता गया। नौबत यहां तक आ गई थी कि जबलपुर से आए चालक और सहायक चालक विवाद करने की स्थिति में उतारू हो गए थे। नोक-झोक के बाद स्थिति हाथापाई तक बन गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने विवाद को शांत कराया।








