टीआई ने फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने की दी सलाह
भिंड। ‘एक बाइक पर तीन-तीन लोग बैठकर चल रहे हैं। हेलमेट भी नहीं लगाया है और बाइक भी तेजी से चला रहे हैं। आप लोग खुद तो खतरे में चल रहे हैं और दूसरों की जान को भी खतरे में डाल रहे हैं। इसलिए हेलमेट लगाकर चलें। यह बात सीएसपी वीएस तोमर, सिटी कोतवाली टीआई शैलेन्द्र सिंह कुशवाह और ट्रैफिक प्रभारी दीपक साहू ने यातायात सप्ताह के पहले दिन सोमवार को परेड चौराहे पर बाइक पर बैठकर जा रहे तीन युवकों को फूल (गुलाब) देते हुए कही।
मालूम हो, कि सोमवार से जिलेभर में यातायात जागरूकता सप्ताह का आयोजन शुरू हो गया है। यातायात सप्ताह के पहले दिन परेड चौराहे पर सीएसपी श्री तोमर, सिटी कोतवाली टीआई, देहात टीआई उदयभान सिंह यादव और ट्रैफिक प्रभारी ने जागरूकता के लिए पेंपलेट बांटे।
फूल देकर कहा कि सीट बेल्ट लगाकर चलें –
परेड चौराहे पर कार्रवाई के दौरान कार क्रमांक एमपी 30 सी 4769 निकली। इसमें 2 लोग सवार थे। ट्रैफिक प्रभारी ने कार रोककर देखा तो उसमें परिवहन विभाग के बाबू बैठा हुआ था। श्री साहू ने गाड़ी रोककर फूल देते हुए कहा कि आरटीओ ऑफिस से तो नियम बनकर चलते हैं और आप खुद ही बिना सील्ट बेल्ट के गाड़ी चला रहे हैं। इसी तरह ट्रैफिक पुलिस ने भाजपा नेता को भी फूल देकर ट्रैफिक नियमों का पालन करने को कहा।
पहले दिन 2 हजार स्टीकर बांटे-
ट्रैफिक प्रभारी दीपक साहू ने बताया कि परेड चौराहे पर सबसे पहले वाहनों में यातायात नियम लिखे स्टीकर चिपकाए। साथ ही पेंपलेट बांटे। ट्रैफिक प्रभारी श्री साहू ने बताया कि सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक करीब 2 हजार स्टीकर वाहनों में लगाने के साथ पर्चे बांटे। इसके अलावा लोगों केा जागरूक भी किया, कि वह वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों क पालन करें।
पुलिस देखकर वापस हुए वाहन –
अभियान के दौरान परेड चौराहे पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स सड़क पर खड़े होकर वाहनों को रोककर स्टीकर लगा रहे थे। पुलिस कार्रवाई देखकर कई बाइक सवार पुस्तक बाजार, बतासा बाजार और भूता बाजार से वापस हो गए। इधर बस स्टैंड से आने वाले वाहन हाउसिंग कॉलोनी, बंगला बाजार और डॉक्टर लेन से होकर निकल गए।
चेकिंग लगाकर जुर्माना किया –
ट्रैफिक प्रभारी श्री साहू ने बताया कि अभियान के बाद इंदिरा गांधी चौराहा, परेड चौराहा, जिला अस्पताल के सामने सहित अन्य जगह चेकिंग अभियान चलाया। इसमें बिना हेलमेट लगाकर चल रहे बाइक सवारों पर कार्रवाई की गई। ट्रैफिक प्रभारी श्री साहू का कहना कि अभियान के दौरान 35 से अधिक बाइक सवारों पर कार्रवाई की गई। जिसने करीब 10 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।
प्रोजेक्टर पर फिल्म चलाकर बताए नियम –
ट्रैफिक प्रभारी श्री साहू ने बताया कि यातायात सप्ताह के तहत आमजन को जागरूक करने के लिए एक रथ शहर में घूम रहा है। इस रथ में शाम के समय परेड चौराहे, गोल मार्केट, इंदिरा गांधी चौराहे पर प्रोजेक्टर के माध्यम से फिल्म चलाकर आमजन को जागरूक कर रहे हैं।
आज एनाउंसमेंट कराएंगे –
ट्रैफिक प्रभारी श्री साहू ने बताया कि मंगलवार को शहर के चौराहे परेड चौराहा, इंदिरा गांधी चौराहा, सुभाष तिराहा, बस स्टैंड, सदर बाजार, गोल मार्केट, अटेर रोड सहित भीड़भाड़ वाले जगह पर सड़क सुरक्षा से संबंधित क्या करना है? और क्या नहीं करना है के जागरूकता बैनर लगाएंगे।

