jabalpurLatest

जीजा की हत्या का प्रयास, साले ने सिर पर मारी तलवार

जबलपुर पत्नी की विदाई कराने ससुराल गए युवक पर सालों ने जानलेवा हमला कर दिया। गालीगलौज कर दोनों साले उससे लिपटकर मारपीट करने लगे जिसके बाद एक साले ने तलवार से उसके सिर पर हमला कर हत्या की कोशिश की। वारदात को अंजाम देकर दोनों मौके से भाग गए। हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर बेलबाग पुलिस आरोपितोें की तलाश कर रही है। युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बेलबाग पुलिस ने बताया कि छोटे महावीर के पास बिलहारी गोराबाजार निवासी विकास पिल्ले (30) ने कुछ वर्ष पूर्व बेलबाग टोरिया निवासी रूपा मेहतो से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से ही रूपा ज्यादातर समय मायके में बिताने लगी। पेंटिंग कर किसी तरह परिवार का भरण पोषण करने वाले विकास को पसंद नहीं था कि रूपा ससुराल की जिम्मेदारी छोड़कर मायके में रहे।

पत्नी से घर चलने बोला तो टूट पड़े साले: पुलिस के मुताबिक 25 दिसंबर की रात करीब 8.30 बजे विकास बेलबाग टोरिया स्थित अपनी ससुराल पहुंचा और पत्नी रूपा को घर चलने के लिए कहा। इसी बीच उसके साले गोलू व दुर्गेश वहां पहुंचे और विकास के साथ गालीगलौज करने लगे। विकास ने उन्हें अपशब्द कहने से रोकते हुए उसका कारण पूछा जिसके बाद दोनों साले आगबबूला होकर उससे लिपट पड़े और मारपीट करने लगे। उसे धक्के मारकर घर से बाहर करने के बाद दुर्गेश ने घर में रखी तलवार निकाली और दो टूक कहा कि वह विकास की हत्या करने के बाद ही शांत होगा। जिसके बाद हत्या करने की नीयत से जीजा विकास के सिर पर तलवार चला दी। विकास ने एक हाथ से तलवार पकड़ ली लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम