FEATUREDमध्यप्रदेश

जमानत पर ऑफर का फायदा उठाओ, जेल जाने से बचो!

खंडवा। जमानत पर ऑफर चल रहा है। कोर्ट में पेश होते ही जमानत मिल जाएगी। इसका फायदा उठाओ और जेल जाने से बचो। यह ऑफर दुष्कर्म के आरोपित को भारी पड़ गया। सोमवार को पुलिस ने उसे जनपद पंचायत कार्यालय के सामने पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस ने वकील की मदद से यह जाल बिछाया था।

दुष्कर्म के मामले में आरोपित दीपक पिता नंदू (20) पांच दिनों से पुलिस की आंख में धूल झोंक रहा था। उसके खिलाफ 11 अप्रैल को पिपलौद थाने में किशोरी की शिकायत पर दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश में लगी रही। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि दीपक एक वकील के संपर्क में है। पिपलौद थाना प्रभारी आनंद राज ने आरोपित को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। आरोपित तक संदेश पहुंचाया गया कि अभी दुष्कर्म के मामलों में जमानत पर ऑफर चल रहा है। इस ऑफर के झांसे में दीपक आ गया।

पेट्रोल पंप पर बैठी पुलिस

सोमवार को वह कोर्ट में पेश होने के लिए खंडवा पहुंचा। यहां जनपद पंचायत कार्यालय के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर पुलिस पहले से बैठी हुई थी। दीपक को देखते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर दी। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply