Wednesday, April 8, 2026
Latest:
मध्यप्रदेश

जब तहसीलदार की डायस पर जा बैठे प्रदेश के राजश्व मंत्री, मचा बवाल

भोपाल। राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर नियमों की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगा है जिससे वह विवादों के घेरे में है। दरअसल मंगलवार को मंत्री श्री राजपूत सीहोर जिले के दौरे पर थे और राजस्व में कसावट लाने के उद्देश्य से तहसीलदार के ऑफिस पहुंच गए यहां मंत्री जी ने आव देखा न ताव और सीधे तहसीलदार की डायस पर जा बैठे, शायद मंत्री जी भूल गए कि तहसीलदार एक न्यायालय व्यवस्था है और डायस पर बैठने के दौरान वह एक न्यायालय की तरह काम करता है। और तो और मंत्री जी को ज्ञान हो अथवा नहीं लेकिन उनके साथ उनके OSD कमल नागर भी डायस पर जा बैठे । कमल नागर खुद राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं और बतौर एसडीएम एक न्यायालय के रूप में काम कर चुके हैं। वह तो डायस की अहमियत भली-भांति जानते हैं। मंत्री यही नहीं रुके एक तहसीलदार के निलंबन का फरमान भी सुना डाला। इस वाकये की खबर लगते ही अधिकारियों में आक्रोश छा गया।

अब राज्य प्रशासनिक सेवा संघ नाराज है, और मंत्री जी पर विधि के उल्लंघन का सीधा आरोप लगा रहा है। संघ का साफ कहना है कि यदि तहसीलदार का निलंबन किया गया तो वह पूरे प्रदेश में काम बंद कर देंगे। यानी मंत्री जी की छोटी सी गलती सरकार के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। अब देखना यह है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ इस मामले में क्या निर्णय लेते हैं और मुख्य सचिव इस पूरे मामले में मंत्री जी के ओएसडी राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कमल नागर के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं?

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply