Site icon Yashbharat.com

जबलपुर में 46 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किये देवी मन्दिरों के ऑनलाइन दर्शन

IMG 20201012 WA0046

आशीष शुक्ला…

जबलपुर यशभारत। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा नवरात्रि के दौरान शहर के प्रमुख देवी मंदिरों के ऑनलाइन दर्शन कराने की प्रारम्भ की गई व्यवस्था का अकेले आज रविवार की शाम तक 46 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया है ।

श्रद्धालुओं को घर बैठे माँ दुर्गा के दर्शन कराने की इस व्यवस्था से शहर के सात प्राचीन और प्रमुख दुर्गा मन्दिर ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था से जुड़ चुके हैं।

कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की पहल पर शुरू की गई व्यवस्था का जबलपुर जिले की आधिकारिक वेबसाइट jabalpur.nic.in पर उपलब्ध कराई गई लिंक के माध्यम से लाभ उठाया जा सकता है और मंदिरों के दर्शन के साथ-साथ आरती में भी शामिल हुआ जा सकता है ।

जो प्रमुख मंदिर ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था से जुड़ चुके हैं* उनमें हनुमानताल स्थित बूढ़ी खेरमाई मन्दिर और बडी खेरमाई मन्दिर, तेवर स्थित माँ त्रिपुर सुंदरी मन्दिर, मानस भवन के बाजू में राईट टॉउन स्थित छोटी खेरमाई मन्दिर, सदर स्थित काली मन्दिर, सिविक सेंटर मढाताल स्थित बगलामुखी मन्दिर तथा बंगाली क्लब करमचन्द स्थित काली माता मंदिर शामिल है ।

कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने कोरोना से बचाव के लिये त्यौहारों के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने का आग्रह करते हुये लोगों से घर पर रहकर ही प्रशासन द्वारा एनआईसी की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई लिंक पर मन्दिरों के ऑनलाइन दर्शन करने का अनुरोध किया है।

Exit mobile version