जबलपुर में शैल्बी हॉस्पिटल की CGHS मान्यता तत्काल प्रभाव से की समाप्त
जबलपुर Jabalpur News। शहर के निजी अस्पतालों में लूटखसोट को रोकने अब शासन-प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसमें केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) हेडक्वार्टर दिल्ली के निर्देश पर अपर निदेशक डॉ. रावत ने जबलपुर में पहली कार्रवाई की।
शैल्बी हॉस्पिटल विजयनगर की सीजीएचएस मान्यता को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।
सीजीएचएस जबलपुर के अपर निदेशक द्वारा शुक्रवार को शैल्बी हॉस्पिटल के नाम पर जारी आदेश में कहा गया है कि सीजीएचएस जबलपुर के अंतर्गत जून 2017 से शैल्वी अस्पताल विजयनगर का एमओयू अनुबंध है। इसके बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने एमओयू की शर्तों का पालन नहीं किया।
सीजीएचएस लाभार्थियों को भर्ती नहीं करने, उन्हें भर्ती करके पैसे की मांग करना और केशलैस सुविधा प्रदान नहीं करने के कारण शैल्बी हॉस्पिटल विजयनगर की मान्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।
मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट का उल्लंघन करने के कारण अस्पताल की संपूर्ण बैंक गारंटी जब्त करने के आदेश उनके बैंकर को दिए गए हैं।
इलाज पूरा होने तक रहेंगे भर्ती
आदेश में कहा गया है कि शैल्बी हॉस्पिटल की सीजीएचएस मान्यता समाप्ति के पहले इलाज के लिए भर्ती सीजीएचएस लाभार्थी अपना इलाज पूरा होने तक इस अस्पताल में भर्ती रह सकेंगे।
अब अन्य अस्पतालों का नंबर
सूत्रों के मुताबिक अपर निदेशक सीजीएचएस के पास पहुंची शिकायतों में करीब एक दर्जन सीजीएचएस मान्यता प्राप्त निजी अस्पतालों के नाम शामिल हैं। सीजीएचएस हेडक्वार्टर के निर्देश पर 7 निजी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई करना तय किया गया है।

