jabalpurLatest

जबलपुर में वेक्सिनेशन ने तोड़ा रिकॉर्ड, विक्टोरिया में तीन बार कम पड़ी वैक्सीन

Jabalpur Corona Vaccination। कोविड-19 टीकाकरण अभियान के दौरान शनिवार को टीकाकरण केंद्रों में हितग्राहियों की भीड़ उमड़ पड़ी। कोरोना की वैक्सीन लगवाने के प्रति बढ़ी दिलचस्पी के चलते पहली बार बने ऐसे हालात के कारण कई केंद्रों में व्यवस्था छिन्न-भिन्न होती नजर आई। तमाम केंद्र ऐसे रहे जहां भीड़ के कारण शारीरिक दूरी व मास्क के निर्देश हवा में उड़ गए। इस बीच राहत की बात यह रही कि 16 जनवरी से प्रारंभ हुए टीकाकरण अभियान ने पहली बार अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।

निर्धारित अवधि में लक्ष्य के मुकाबले छह फीसद ज्यादा हितग्राहियों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। निर्धारित लक्ष्य की तुलना में ज्यादा टीकाकरण करने में निजी अस्पतालों में बनाए गए केंद्र आगे रहे। सिहोरा समेत शहर के कई निजी व शासकीय केंद्रों में दोपहर बाद ही टीकाकरण अभियान लक्ष्य से आगे निकल चुका था। विक्टोरिया अस्पताल में तीन बार वैक्सीन की कमी सामने आई। अन्य अस्पतालों व संभागीय वैक्सीन भंडार केंद्र से वैक्सीन मंगानी पड़ी।

इस दौरान हितग्राहियों की भीड़ बढ़ती गई जिसकी वजह से कुछ समय तक टीकाकरण सुस्त गति से चलाना पड़ा। 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों में वैक्सीन के प्रति खासी दिलचस्पी दिखाई दी। 45 साल से कम उम्र के नागरिक टीकाकरण में जगह न मिलने से निराश हैं। उनका कहना है कि वार्ड स्तर पर टीकाकरण केंद्र खोलकर एक-एक व्यक्ति को कोरोना का टीका लगाया जाना चाहिए। विदित हो कि जिले में कोरोना का खतरा बढ़ गया है। ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया जा सके इसके लिए शनिवार को 200 केंद्र बनाए गए थे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम