
जबलपुर,सृजन शुक्ला। रसल चौक के पास बुधवार रात ओमती पुलिस जवानों ने एक अधिवक्ता और उनके साथियों से मारपीट कर दी। जानकारी लगते ही घायल अधिवक्ता के साथी ओमती थाने पहुंचे। जहां देर रात तक हंगामे के हालात बने रहे।
अधिवक्ता अमित कोहली ने बताया कि वे अपने साथी बाला ठाकुर, रोहित पटेल, राजीव चौधरी के साथ रसल चौक से जा रहे थे। तभी एक व्यक्ति ने उनसे वाद विवाद किया। तभी ओमती पुलिस के जवान वहां पहुंचे और अधिवक्ता समाज के साथियों से मारपीट शुरू कर दी। अधिवक्ता का आरोप है कि पुलिस जवानों ने जबरन उन्हें पुलिस वाहन में बैठाया और अपराधियों की तरह खींच कर थाने ले गए। थाने के भीतर भी उनसे अभद्रता की गई।
जानकारी लगते ही घायल अधिवक्ता के साथी ओमती थाने पहुंचे। जहां हंगामा शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं ने दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग की। मामला बढ़ता देख एडिशनल एसपी गोपाल खांडेल और ओमती सीएसपी आर डी भारद्वाज थाने पहुंचे। पुलिस अधिकारी देर रात तक अधिवक्ताओं से बातचीत करते रहे लेकिन अधिवक्ता एफ आई आर कराने की बात पर अड़े रहे। मामले को तूल पकड़ते देख पुलिस विभाग ने तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।








