जबलपुर कलेक्टर ने कंटेन्मेंट एरिया में लाउड स्पीकर से की लोगों से अपील
जबलपुर – कलेक्टर भरत यादव ने आज शनिवार की रात भी सराफा कंटेन्मेंट एरिया का भ्रमण किया और और लाउड स्पीकर के जरिये लोगों से कोरोना के संक्रमण को रोकने लगाई गई पाबंदियों का कड़ाई से पालन का अनुरोध किया ।
उन्होंने घर-घर सर्वे के लिये पहुँच रहे स्वास्थ्य कर्मियों को सही-सही जानकारी देने का आग्रह भी क्षेत्रवासियों से किया । कलेक्टर ने कहा कि लोगों को डरने की नहीं बल्कि एहतियात बरतने की जरूरत है । सावधानी ही कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने का उपाय है ।
उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनके साथ है , उनकी सुरक्षा और सहायता के लिये है । श्री यादव ने इस मौके पर कुछ नागरिकों से उनके घर के दरवाजे पर खड़े होकर चर्चा भी की ।
नागरिकों ने कलेक्टर को प्रशासन द्वारा बरती जा रही कड़ाई का स्वागत किया तथा इस लड़ाई में पूरा सहयोग का आश्वासन भी दिया । लोगो ने बताया कि नगर निगम द्वारा घर-घर दैनिक जरूरत की सामग्री पहुंचाई जा रही है ।
कलेक्टर ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को कंटेन्मेंट एरिया में लोगों के मूवमेंट पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिये । श्री यादव ने इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा कंटेन्मेंट क्षेत्र में घर-घर किये गये सर्वे में अब तक हुई प्रगति की जानकारी भी ली।
कलेक्टर ने क्षेत्र की निगरानी के लिये ड्रोन कैमरों के साथ-साथ स्थानीय सराफा व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर लगाये गये सीसीटीव्ही कैमरों की लिंक प्राप्त कर यहां बनाये गये अस्थाई कार्यालय से मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिये । इस दौरान अपर आयुक्त नगर निगम राकेश अयाची, एसडीएम ऋषभ जैन, डिप्टी कलेक्टर प्रशांत श्रीवास्तव , सीएसपी दीपक मिश्रा भी मौजूद थे ।
विधायक श्री घनघोरिया से भी की चर्चा :-
कलेक्टर श्री यादव ने सराफा कंटेन्मेंट एरिया के भ्रमण के दौरान विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री लखन घनघोरिया से भी क्षेत्र में लगाये गये प्रतिबन्धों पर चर्चा की । श्री घनघोरिया ने इस मौके पर प्रशासन द्वारा बरती जा रही सतर्कता और सख्ती की तारीफ की ।

