jabalpurमध्यप्रदेश

जबलपुर: इंवेस्टिगेशन विंग के हाथ लगा तीसरा बड़ा कारोबारी, हो रहे अहम खुलासे

जबलपुर। शहर में अब तक का सबसे बड़ा 500 करोड़ रुपए का हवाला कारोबार सामने आने के बाद आयकर विभाग की लिस्ट में कई व्यापारी निशाने पर आ गए हैं। उन तक पहुंचने के लिए आईटी की इंवेस्टिगेशन विंग ने गुरुवार को कई जगह छापेमारी की, जिसमें इस कारोबार से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। हालांकि इस कार्रवाई को आईटी ने अभी पूरी तरह से गोपनीय रखा गया है, ताकि हवाला का काम करने वाले बड़े कारोबारी तक पहुंचा जा सके।

इधर जबलपुर से हवाला का सबसे ज्यादा पैसा मुम्बई जाने की खबर सामने आने के बाद रेल प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) ने ट्रेनों की छानबीन शुरू कर दी है। जबलपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में जांच शुरू हो गई है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। आरपीएफ ने मुख्यतौर पर जनता, मेल और गरीब रथ ट्रेन पर नजर रख रही है।

तीसरा बड़ा कारोबारी लगा आईटी के हाथ

इन दिनों विंध्य और महाकौशल में हवाला कारोबार की मंडी बने जबलपुर में विधानसभा चुनाव के दौरान तकरीबन डेढ़ सौ करोड़ रुपए दूसरे शहर पहुंचाया गया और इतना ही पैसा यहां पहुंचने की खबर है। सूत्र बताते हैं कि आईटी को इसके पुख्ता सबूत मिले हैं। दरअसल पहले हवाला कारोबारी अतुल खत्री से 15 लाख नकद बरामद होने के बाद आईटी पंजू गोस्वामी तक पहुंची, जहां से उसने 60 लाख रुपए नकद बरामद किए।

इन दोनों से मिली जानकारी को खंगालने के बाद अब तीसरे बड़े हवाला कारोबारी तक आईटी पहुंच गई है। सूत्रों के मुताबिक इसे पकड़ने के लिए आईटी ने गुरुवार को शहर में कई जगह छापेमारी की।

मोबाइल और लैपटॉप में छिपे 20 नाम

पिछले एक हफ्ते में आईटी की छापेमारी के बाद शहर का हवाला कारोबार की खबर देशभर में पहुंच चुकी है, जिसके बाद इससे जुड़े कारोबारी अंडर ग्राउंड हो गए हैं। हालांकि इंवेस्टिगेशन विंग की कार्रवाई में पकड़े गए हवाला के दो बड़े कारोबारी के पास से मिले मोबाइल और लैपटॉप से आईटी एक्सपर्ट को शहर के लगभग 15 से 20 छोटे-बड़े हवाला व्यापारियों के नाम मिले हैं।

इतना ही नहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर के हवाला कारोबारी तक आईटी पहुंच भी गई है। हालांकि यह कौन है और इसने किन-किन शहरों में कितना पैसा भेजा, इस खुलासा शुक्रवार को हो सकता है।

Leave a Reply

Back to top button