Latestमध्यप्रदेश

चलती ट्रेन में साढ़़े 9 लाख की चोरी, पेंड्रा रोड से बीना की यात्रा कर रही महिला के साथ मुड़वारा आउटर में वारदात

कटनी जीआरपी में चलती ट्रेन में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। भगत की कोठी एक्सप्रेस में साढ़़े 9 लाख की चोरी हुई। पेंड्रा रोड स्टेशन से बीना तक की यात्रा कर रही थी महिला यात्री के साथ यह वारदात घटित हुई। बताया गया कि मुड़वारा के पास चलती रेलगाड़ी से बैग लेकर बदमाश भागा।

जानकारी के अनुसार भगत की कोठी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में छत्त्तीसगढ़ के पेंड्रा रोड स्टेशन से मध्यप्रदेश के बीना तक की यात्रा कर एक महिला का बैग मुड़वारा स्टेशन के पास एक बदमाश लेकर भाग गया। बैग में नकद रुपए सहित लाखों रुपए के सोने आभूषण रखे हुए थे। चोरी करीब साढ़े 9 लाख रुपए की आंकी गई है। महिला यात्री की शिकायत पर जीआरपी ने चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अज्ञात चोरों कि तलाश की जा रही है। फिलहाल चोर के संबंध में जीआरपी के पास कोई सुराग नहीं है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

जीआरपी ने बताया छत्त्तीसगढ़ राज्य के पेंड्रा रोड सिविल लाइन क्षेत्र निवासी कविता राय ट्रेन क्रमांक 18573 भगत की कोठी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच 7 के बर्थ नंबर सात पर बीना तक की यात्रा कर रही थी। मुड़वारा स्टेशन पहुंचने के पहले गाड़ी जब धीमी गति से चल रही थी तभी एक अज्ञात चोर ने खिड़की से हाथ डालकर सीट में रखा बैग लेकर भाग गया।

बैग में 40 हजार रुपए नकद, 6 तोले कि सोने की चार चूड़ी, एक तोले का सोने का ब्रेसलेट, डेढ़ तोले के सोने के तीन टाॅप्स, दो तोले के सोने की चैन, डेढ़ तोले का सोने का लाॅकेट, 6 तोले का सोने का हार, दो मोबाइल रखा हुआ था। सोने के आभूषण, मोबाइल और नकदी मिलाकर चोरी करीब 9 लाख 67 हजार रुपए की बताई जा रही है। महिला यात्री की शिकायत पर जीआरपी पुलिस ने चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। चोर की तलाश की जा रही है।

Back to top button