GadgetsLatestTechnology

गूगल के बाद WhatsApp में भी आई तकनीकी बाधा

भारत सहित दुनियाभर में गुरुवार सुबह गूगल की लोकप्रिय ईमेल सेवा जीमेल और ड्राइव का सर्वर डाउन हो गया। सबसे ज्यादा दिक्कत जीमेल यूजर को हुई। उन्हें लॉगइन करने, अटैचमेंट जोड़ने और मैसेज पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम को दुनियाभर के WhatsApp यूजर को भी कनेक्शन और मैसेज के आदान-प्रदान में परेशानी हुई।

गूगल ने अपराह्न 3.10 बजे बताया, “फिलहाल कुछ यूजर के लिए जीमेल सेवा बहाल की जा चुकी है और जल्द ही सभी के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी।” कंपनी ने कहा कि वह ईमेल भेजने, मीट रिकॉर्डिंग, ड्राइव में फाइल बनाने व गूगल चैट में मैसेज पोस्ट करने में आने वाली दिक्कतों की जांच कर रही है। हालांकि, उसने प्रभावित यूजर की संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में आने वाली दिक्कतों को ट्रैक करने वाले पोर्टल डाउनडिटेक्टर ने बताया कि 62 प्रतिशत लोगों को अटैचमेंट में समस्या आई, जबकि 25 फीसद लोगों को लॉगइन में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। गूगल की सेवाओं में आई बाधा से गुस्साए नेटिजन ने ट्विटर का सहारा लिया और हैशटैगजीमेल के साथ यह कई घंटों तक शीर्ष पर ट्रेंड करता रहा। दो महीने में यह दूसरा मौका है जब जीमेल में दिक्कत आई। जुलाई में भी जीमेल का सर्वर घंटों डाउन रहा था।

उधर, फेसबुक के स्वामित्व वाले WhatsApp के यूजर को भी कनेक्शन व मैसेज के आदान-प्रदान में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। डाउनडिटेक्टर के अनुसार, दुनियाभर के 66 फीसद WhatsApp यूजर को कनेक्शन की परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि 30 फीसद को मैसेज के आदान-प्रदान में दिक्कत हुई।

गूगल ने प्ले स्टोर से हटाए हजारों एप

गूगल ने नवंबर में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी भ्रामक सूचनाएं फैलाने वाले हजारों एप को प्ले स्टोर से हटा दिया है। कंपनी ने कहा कि मोबाइल एप मतदान की प्रक्रिया को बढ़ावा देने में महती भूमिका निभा रहे हैं, ऐसे में यूजर के लिए पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है।

Back to top button