गुरुग्राम: जज के बेटे की मौत, 10 दिन पहले बीच बाजार गनर ने मारी थी गोली
गुरुग्राम: जज के बेटे की मौत, 10 दिन पहले बीच बाजार गनर ने मारी थी गोली
जज की पत्नी की घटना के दिन ही मौत हो गई तो वहीं ध्रुव को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. जहां डॉक्टरों ने उसका ब्रेन डेड घोषित कर दिया था.
गुरुग्राम के एडिशनल सेशन जज कृष्णकांत शर्मा के बेटे ध्रुव ने दम तोड़ दिया. ध्रुव का पिछले 10 दिनों से मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था. ध्रुव ने मंगलवार सुबह करीब चार बजे आखिरी सांस ली. जज के गनर महिपाल ने 13 अक्टूबर को जज के बेटे और पत्नी को गोली मारी थी. जज की पत्नी की उसी दिन मौत हो गई तो वहीं ध्रुव को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसका ब्रेन डेड घोषित कर दिया था.
अस्पताल के सूत्रों की मानें तो जज ने अपने बेटे ध्रुव के ऑर्गन्स डोनेट कर दिए हैं. अलग-अलग ज़रूरतमंदों को ध्रुव के ऑर्गन्स लगाए जाएंगे.
बता दें कि गुरुग्राम के सेक्टर-49 के बाजार में शनिवार देर शाम गनमैन ने एडिशनल सेशन जज की पत्नी और बेटे को गोली मार दी थी. जज की बीवी और बेटे पर हमला तब हुआ, जब वे मार्केट में खरीदारी के लिए घूम रहे थे. दोनों को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पत्नी की उसी समय मौत हो गई थी.
गनर महिपाल पिछले डेढ़ सालों से जज का पीएसओ था. एसआईटी की टीम लगातार आरोपी महिपाल से पूछताछ कर रही थी. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह जज की फैमिली को मार्केट में छोड़कर चला गया था. वह काफी देर बाद वापस आया. इस पर जज की पत्नी ने उसे डांटा.
इससे महिपाल को गुस्सा आ गया और उसने जज के परिवार पर गोलियां चला दीं. महिपाल ने पहले से हत्या का कोई प्लान नहीं बनाया था. पुलिस के मुताबिक महिपाल ने खुद कबूल किया है कि जज का परिवार बहुत अच्छा था.

