मुंबई। जानलेवा गेम ब्लू व्हेल चैलेंज जैसे-तैसे नियंत्रण में आया तो अब एक नए खेल मोमो चैलेंज ने अपना आतंक फैलाना शुरू कर दिया है। यह चैलेंज कोई अनलिमिटेड मोमोज खाने का चैलेज नहीं है बल्कि बहुत ही खतरनाक कॉन्सेप्ट से भरा है। यह सोशल मीडिया और व्हाट्स ऐप के जरिए चलने वाला एक और जानलेवा ट्रेंड है जो कि लोगों की जान ले रहा है।

इसमें सबसे पहले एक अननोन नंबर से एक डरावनी गुड़िया की तस्वीर का व्हाट्स ऐप मैसेज आता है जिसके लिए कहा जा रहा है कि वह जापान, मैक्सिको और कोलंबिया में तीन नंबरों के साथ लिंक्ड है। इस मैसेज में अननोन नंबर पर कॉल करने के लिए कहा जाता है और इसी के बाद इस खतरनाक खेल की शुरूआत है।

इस नंबर से जुड़े व्यक्ति के पास कुछ अजीबोगरीब और हिंसक टास्क करने के ऑर्डर आने लगते हैं। वे इस तरह के टास्क को पूरा करते जाते हैं और आखिरी में उन्हों सुसाइड के लिए कहा जाता है। अगर कोई यूजर यह कहता है कि वह टास्क नहीं कर सकता है तो इस पूरी प्रक्रिया को हैंडल करने वाला उसे धमकाता है।

इस महीने की शुरूआत में अर्जेटीना की 12 साल की लड़की की इस चैलेंज के कारण मौत हो गई और अब अन्य देशों के साथ भारत में भी इसका जोखिम बढ़ रहा है।

मुंबई पुलिस ने इसके खिलाफ एक मजबूत कदम उठाया है। उन्होंने ट्विटर पर एक अलर्ट जारी किया है। मुंबई पुलिस ने ट्वीट किया , ‘कैसा रहे अगर अननोन नंबर की बजाए 100 नंबर डायल करें जिसके बारे में सब जानते हैं, ताकि चैलेंजर्स को उसके खुद के गेम में हरा सकें। मोमो चैलेंज को कहें नो नो।’