कोरोना प्रोटोकॉल के साथ मनेगा मध्यप्रदेश में दुर्गा उत्सव: मुख्यमंत्री

आशीष शुक्ला…
भोपाल। यश भारत। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शहरी क्षेत्रों में कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए कोविड से बचाव के लिए आवश्यक उचित व्यवहार का पालन और उसका प्रचार-प्रसार करना आवश्यक है।
इसके लिए सामुदायिक भागीदारी और जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी। लॉकडाउन खुलने और जीवन सामान्य होने के साथ-साथ कोविड का प्रसार संभावित है।
इससे बचाव के लिए पॉजीटिव और संभावित रोगी केन्द्रित रणनीति पर कार्य करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री श्री चौहान कोरोना पर पुनरीक्षित रणनीति पर विचार-विमर्श के लिए मंत्रालय में आयोजित वीडियो कान्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
श्री चौहान ने कहा कि कोरोना से बचाव और जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए पुनरीक्षित गाइड लाइन का क्रियान्वयन आवश्यक है। इसके तहत प्रत्येक व्यक्ति को अपने बचाव के लिए कोरोना प्रोटोकॉल का आवश्यक रूप से पालन करना होगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लॉकडाउन-4 के प्रावधान अनुसार दुर्गा उत्सव आयोजन में अधिकतम एक सौ व्यक्तियों की उपस्थिति की स्वीकृति होगी, परंतु कोरोना से बचाव की सभी सावधानियों जैसे सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क तथा सेनेटाइजर का उपयोग अनिवार्यता: सुनिश्चित करना होगा। दुर्गा विसर्जन के संबंध में समयानुसार गाइड लाइन जारी की जायेगी।








