katniमध्यप्रदेश

कॉलेज के लिए सुगम हुआ मार्ग, मंत्री संजय पाठक के आग्रह पर दुबे परिवार ने दान दी भूमि

विजयराघवगढ़। विजयराघवगढ़ के नवनिर्मित शासकीय महाविद्यालय भवन में जल्द ही कक्षाएं प्रारंभ हो जाएंगी। विजयराघवगढ़ बस्ती से महाविद्यालय भवन तक पहुंच मार्ग नहीं होने के कारण नवीन भवन बन जाने के बाद भी इसका लोकार्पण नहीं हो पा रहा था।

क्षेत्रीय विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के उद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय सत्येंद्र पाठक के विशेष प्रयासों से नगर के प्रतिष्ठित दुबे परिवार ने पहुंच मार्ग के लिए अपने निजी स्वामित्व की भूमि दान देने का न केवल निर्णय लिया है बल्कि परिवार के मुखिया द्वारा परिवार के सभी सदस्यों की सहमति से युक्त इस आशय का दानपत्र भी राज्यमंत्री श्री पाठक को सौंप दिया है। दुबे परिवार के इस भूमि दान से अब महाविद्यालय के लिए पहुंच मार्ग निर्माण किये जाने की बाधाएं दूर हो गई हैं। जल्द ही जनभागीदारी के तहत महाविद्यालय तक पहुंच मार्ग तैयार हो जाएगा और उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं महाविद्यालय के नये भवन में बेहतर तरीके से शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
गौरतलब है कि विजयराघवगढ़ में राज्यमंत्री संजय सत्येंद्र पाठक के प्रयासों से महाविद्यालय के नवीन भवन निर्माण हेतु लगभग साढ़े 3 करोड़ की राशि स्वीकृत कराई गई थी। हाउसिंग बोर्ड को भवन की निर्माण एजेंसी बनाया गया था। यह महाविद्यालय भवन लगभग ढाई साल पहले बनकर तैयार हो गया था पर नगर से लगभग 2-3 किलोमीटर दूर स्थित होने और नवीन भवन तक आने जाने के लिए सुगम मार्ग नहीं होने के कारण नवीन भवन का लोकार्पण नहीं हो पा रहा था। नगर से महाविद्यालय भवन तक के लिए जो मार्ग प्रस्तावित था उसमें दुबे परिवार की निजी भूमि आ रही थी। निजी भूमि आने के कारण मार्ग निर्माण में रूकावट आ रही थी। राज्यमंत्री श्री पाठक द्वारा इस संबंध में दुबे परिवार के वरिष्ठ सदस्य संतोष दुबे, अखिलेश दुबे से चर्चा किये जाने के बाद दुबे परिवार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आ रही इस रूकावट को दूर करने के लिए अपनी निजी स्वामित्व की भूमि दान करने का निर्णय लिया और परिवार के सभी सदस्यों की सहमति से दानपत्र राज्यमंत्री श्री पाठक को सौंप दिया गया। दुबे परिवार के संतोष दुबे, अखिलेश दुबे, अरूण दुबे, मनोज दुबे पिता चंद्रशेखर दुबे एवं विष्णुकांत दुबे, शिवकुमार दुबे पिता रमाकांत दुबे सभी की सहमति से यह पुनीत कार्य संभव हो पाया है। राज्यमंत्री संजय सत्येंद्र पाठक ने इस पुण्य कार्य के लिए दुबे परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अनुकरणीय कार्य बताया है। उन्होंने दुबे परिवार का नागरिक अभिनंदन किये जाने की घोषणा भी की है। दुबे परिवार के इस पुनीत कार्य के बाद अब जल्द ही महाविद्यालय भवन के लिए सुगम मार्ग तैयार कर दिया जाएगा। साथ ही भवन का लोकार्पण कर यहां महाविद्यालयीन कक्षाएं इसी सत्र से प्रारंभ कर दी जाएंगी।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply