शामली। यूपी के कैराना में सोमवार को हुए उपचुनाव के मतदान में ईवीएम मशीनों में आई खराबी के चलते कई जगहों पर मतदान नहीं हो पाया था। इसके बाद अब चुनाव आयोग ने लोकसभा सीट के 73 बूथों पर फिर से मतदान कराने का फैसला किया है। यह मतदान कल यानि 30 मई को होगा। कैराना लोकसभा में सहारनपुर के तीन तथा शामली के दो विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
कैराना उपचुनाव में वीपीपैट खराब की वजह से इन सीटों पर दोबारा मतदान होगा। सहारनपुर की नकुड़ के 23, गंगोह के 44, थाना भवन के 1 तथा शामली के पांच पोलिंग बूथ पर दोबारा मतदान होगा। कैराना लोकसभा सीट 54 फीसदी और नूरपुर विधानसभा सीट पर 61 फीसदी मतदान हुआ था।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वरलू ने बताया था कि वोटिंग के दौरान करीब 384 स्थानों पर वीवीपैट खराब होने की शिकायतें मिली थीं, जिन्हें बदल कर सुचारू रूप से वोटिंग कराई गई थी। 2014 में कैराना में 73 फीसदी जबकि 2017 में नूरपुर में 67 फीसदी वोट पड़े थे।
कैराना लोकसभा क्षेत्र में उपचुनाव में कल होने वाले पुनर्मतदान में सहारनपुर जिले में 68 तथा शामली जिले में पांच बूथ पर पुनर्मतदान होगा। उपचुनाव के दौरान कल जिला निर्वाचन अधिकारी ने काफी प्रयास के बाद भी कल रात दस बजे तक मतदान कराया था। इसके बाद भी कई बूथ पर ईवीएम में खराबी आने के कारण काफी लोग मतदान से वंचित रह गए थे। इसी कारण आज निर्वाचन आयोग ने आज 73 बूथ पर पुनर्मतदान कराने की अनुमति दी है। इन सभी बूथों पर कल सुबह सात बजे से मतदान होगा। पुर्नमतदान में लगभग 80 हजार वोट डाले जाएगे।