कैंची आने में हुई देरी तो भड़के “माननीय” ने फीता तोड़ कर डाला उद्घाटन !

कानपुर। वरिष्ठ बीजेपी नेता और कानपुर से सांसद मुरली मनोहर जोशी गुरुवार को एक सोलर पैनल के उद्घाटन के दौरान अव्यवस्थाओं को देखकर भड़क उठे. फीता काटने के लिए कैंची न होने से भड़के सांसद महोदय ने अधिकारियों को भी जमकर खरीखोटी सुनाई. गुस्से में लाल मुरली मनोहर जोशी ने रिबन को हाथ से ही तोड़कर सोलर पैनल का उद्घाटन कर दिया।
दरअसल अटल ज्योति योजना के तहत सांसद निधि से शहर में करीब 1000 सोलर लाइटें लगाई जानी है, जिसके तहत आज कलेक्ट्रेट स्थित पार्क में सोलर लाइट का उद्घाटन करने सांसद मुरली मनोहर जोशी पहुंचे थे. लेकिन वहां फीता काटने के लिए कैंची उपलब्ध नहीं थी. जिसके बाद गुस्से में आकर मुरली मनोहर जोशी ने हाथ से ही फीते को तोड़कर सोलर पैनल का उद्घाटन कर दिया।
हालांकि सांसद महोदय के गुस्से को देखकर मौके पर उपस्थित डीएम सुरेंद्र सिंह ने दुबारा रिबन को लगाकर उन्हें मनाने की कोशिश की. लेकिन सांसद नहीं माने. उन्होंने कहा कि अब उद्घाटन हो गया है. इतना कहकर सांसद वहां से चले गए. मुरली मनोहर जोशी ने सोलर पैनल के अधिकारी को डांटते हुए तमीज न होने की बात कही।
वहीं, डीएम सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अटल ज्योति योजना के तहत सोलर लाइट लगाई जा रही है. सांसद मुरली मनोहर जोशी ने अपनी सांसद निधि से कलेक्ट्रेट में सोलर लाइट लगवाई है, जिसका उदघाटन आज उन्होंने किया है।







